1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. किसी ने हत्या कर फेंका या खुद ही डूबा हर्षित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया एमिटी स्टुडेंट की मौत का सच

किसी ने हत्या कर फेंका या खुद ही डूबा हर्षित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया एमिटी स्टुडेंट की मौत का सच

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 10, 2026 02:33 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 02:33 pm IST

हर्षित का शव एक निर्माणाधीन इमारत में पानी से भरे गड्ढे में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी श्वास नली में बालू और रेत मिली है। इससे साफ होता है कि उसकी मौत डूबने से ही हुई है।

Student Death- India TV Hindi
पानी में डूबा छात्र Image Source : REPORTERINPUT/PTI

नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें कहा गया है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई थी। छात्र की सांस की नली में कीचड़ और रेत मिली है। इसके साथ ही उसके शरीर में कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई। इससे साफ होता है कि छात्र की हत्या नहीं की गई। बल्कि, पानी में डूबने से ही उसकी मौत हुई है। मृतक हर्षित के परिजनों ने आरोप लगाया था कि हत्या करने के बाद उसके शव को पानी में फेंका गया है।

हर्षित के परिजनों का कहना था कि उसे तैरना आता था। ऐसे में डूबने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। हालांकि, चश्मदीदों का कहना है कि वह इससे पहले भी पानी भरे गड्ढे में गया था। इस बार डूबने से उसकी मौत हो गई। विस्तृत जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

बुधवार को डूबा था हर्षित

गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी और निजी विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा (स्नातक) के अंतिम वर्ष का छात्र हर्षित भट्ट बुधवार को सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के सेक्टर-94 स्थित एक परित्यक्त निर्माण स्थल पर पानी से भरे गड्ढे में डूब गया था। पुलिस उपायुक्त (नोएडा) साद मियां खान ने बताया कि छात्र परीक्षा समाप्त होने का जश्न मनाने के लिए अपने चार दोस्तों के साथ वहां गया था। पुलिस अधिकारी ने कहा, "मौज-मस्ती के दौरान भट्ट नहाने के लिए पास में पानी से भरे गड्ढे में उतरा और अचानक डूब गया।" उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उसके एक साथी ने डायल-112 पर पुलिस को दी। 

गोताखोरों ने बाहर निकाला

सूचना मिलते ही पुलिस और 'पीआरवी' कर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्र को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त खान ने बताया कि भट्ट को बचाने के प्रयास में पानी में उतरे अन्य छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी हालत स्थिर है। इस बीच, भट्ट की मां ने आरोप लगाया कि उसके शरीर पर काले निशान थे, जिससे घटना पर संदेह पैदा होता है। 

पुलिस को नहीं मिली औपचारिक शिकायत

पुलिस ने हालांकि कहा कि अब तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बचाव कार्य में मदद करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मदद की आवाज सुनकर वह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा दो छात्रों को बाहर निकालने में सफल रहे। प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "उन्होंने (छात्रों) बताया कि यह उनकी आखिरी परीक्षा थी और वे पिकनिक मनाने और पार्टी करने आए थे। उनमें से एक नहाते समय गहरे पानी में चला गया।"

यह भी पढ़ें-

'मारपीट कर गड्ढे में धकेला, बेटा नहीं पीता शराब', एमिटी के छात्र की मौत पर मां ने लगाया हत्या का आरोप

चलती स्कूल वैन में उठी आग की लपटें, VIDEO: मुजफ्फरनगर में 5 बच्चे झुलसे, सभी अस्पताल में भर्ती

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।