1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में मिली पहली कोरोना पॉजिटिव मरीज, इस सेक्टर की है निवासी, CMO का भी सामने आ गया बयान

नोएडा में मिली पहली कोरोना पॉजिटिव मरीज, इस सेक्टर की है निवासी, CMO का भी सामने आ गया बयान

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 24, 2025 01:41 pm IST,  Updated : May 24, 2025 01:41 pm IST

दिल्ली से सटे नोएडा में कोरोना पॉजिटव महिला मिली है। इस मामले में नोएडा के सीएमओ नरेंद्र कुमार का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जा रही है।

Noida- India TV Hindi
नोएडा में कोरोना पॉजिटव महिला मिली Image Source : PTI/FILE

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा में भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। ये जनपद गौतमबुद्ध नगर में कोरोना का पहला मामला है। 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला माइल्ड लक्षण के साथ निजी अस्पताल में पहुंची थी। लक्षण देख मरीज के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। अब मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉज़िटिव आई है। इस मामले में नोएडा के सीएमओ नरेंद्र कुमार का बयान सामने आया है।

नोएडा में कहां की निवासी है मरीज?

मरीज नोएडा के सेक्टर 110 की निवासी है। नोएडा के सीएमओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले का पहला कोरोना का केस सामने आया है। मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है। मरीज के अन्य परिवारजनों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इस मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री रही है।

सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल में टेस्टिंग शुरू कर रहे हैं। टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जा रही है। सीएमओ ने अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है।

केरल में मई महीने में ही कोविड-19 के अब तक 273 मामले

गौरतलब है कि देश में कोविड 19 के मामले एक बार फिर सामने आ रहे हैं। केरल में मई महीने में ही कोविड-19 के अब तक 273 मामले सामने आए हैं। खुद केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने ये जानकारी दी है। वीणा ने शुक्रवार को दक्षिणी राज्य के सभी जिलों से निगरानी बढ़ाने की अपील की है।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा?

वीणा जॉर्ज ने कहा, 'स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वायरस के संक्रमण में किसी भी वृद्धि पर बारीकी से नजर रखनी चाहिए और फौरन कार्रवाई करनी चाहिए। मई में केरल में कोविड-19 के 273 मामले सामने आए। खांसी, गले में खराश या सांस लेने में समस्या जैसे लक्षण वाले लोगों को मास्क पहनना चाहिए।' वहीं कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया, 'बेंगलुरु में नौ महीने का एक बच्चा कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है।' 

(इनपुट: नोएडा से राहुल ठाकुर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।