उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक ट्रक ड्राइवर की लापरवाही बोलेरो सवार के लिए जानलेवा साबित हुई। यहां ट्रक एक बोलेरो गाड़ी के ऊपर पलट गया और बोलेरो में सवार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा नैनीताल हाइवे पहाड़ी गेट पर हुआ। यहां भूसे से भरा ट्रक बोलेरो पर पलट गया। इस हादसे में बिजली विभाग के एसडीओ के ड्राइवर की मौत हो गई। इस हादसे की वजह से दो घंटे तक नैनीताल हाइवे जाम रहा। इसकी वजह से रूट डाइवर्ट करना पड़ा। दो घंटे बाद जब ट्रक मौके से हटाया गया, तब जाकर ट्रैफिक दोबारा शुरू हुआ।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से भूसे से भरे ट्रक को खाली किया और उठाया। इसके बाद ट्रक के नीचे दबी बोलेरो और ड्राइवर को बाहर निकाला गया। ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीसीटीवी वीडियो में कैद हुई घटना
इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि छोटी सी लापरवाही कैसे जानलेवा बन गई। वीडियो में एक बोलेरो कार सड़क पार करने की कोशिश करती नजर आ रही है। वहीं, भूसे से भरा ट्रक भी आता दिख रहा है। कोई भी वाहन अनियंत्रित नहीं था, लेकिन दोनों को पहले निकलने की जल्दी थी। ऐसे में ट्रक ड्राइवर ने ब्रेक नहीं लगाए और बोलेरो ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। ऐसे में ट्रक के पास आगे निकलने के लिए जगह नहीं थी। ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया फिर बोलेरो के ऊपर पलट गया।
आसानी से टाल सकता था हादसा
अगर ट्रक ड्राइवर ब्रेक लगा लेता या बोलेरो चालक पहले ट्रक को निकल जाने देता तो यह हादसा आसानी से टाला जा सकता था। हालांकि, दोनों ने पहले निकलने की जिद में जबरन ऐसी स्थिति बनाई, जिसमें ट्रक पलट गया और यह घटना बोलेरो ड्राइवर के लिए जानलेवा साबित हुई।
(रामपुर से आमिर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
गर्लफ्रेंड को दूसरे लड़के के साथ देख भड़का प्रेमी, दोस्तों के साथ मिलकर खूब पीटा, CCTV वीडियो वायरल