1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल के CO अनुज चौधरी पर सपा का अटैक, होली और जुमे को लेकर कही थी ये बात

संभल के CO अनुज चौधरी पर सपा का अटैक, होली और जुमे को लेकर कही थी ये बात

 Reported By: Shoaib Raza, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Mar 07, 2025 11:03 am IST,  Updated : Mar 07, 2025 11:05 am IST

उत्तर प्रदेश के सीओ अनुज चौधरी के जुमे और होली पर दिए बयान को लेकर विवाद बढ़ गया है। समाजवादी पार्टी ने उन पर बीजेपी को खुश करने के आरोप लगाए हैं।

Samajwadi Party, Samajwadi Party Anuj Chaudhary, Anuj Chaudhary- India TV Hindi
संभल के सीओ अनुज चौधरी और सपा प्रवक्ता अमीक जामेई। Image Source : FILE

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के पुलिस अधिकारी अनुज चौधरी के जुमे और होली को लेकर दिए बयान पर विवाद हो गया है। सीओ अनुज चौधरी ने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि जिन्हें होली के रंग से दिक्कत है वे घर से न निकलें। उन्होंने कहा है कि जिस तरह से मुसलमान ईद का इंतजार करते हैं, वैसे ही हिंदू होली का इंतजार करते हैं। सीओ ने कहा कि जुमा साल में 52 बार आता है और होली साल में एक दिन आती है, ऐसे में जिन्हें रंग से परहेज है वे घर पर ही रहें। सीओ अनुज चौधरी के इस बयान पर समाजवादी पार्टी ने निशाना साधा है।

‘इसके करियर में एहसानात थे हमारे बड़ों के’

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमीक जामेई ने सीओ अनुज चौधरी पर हमला बोलते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि वह सरकार की चापूलसी कर रहे हैं। जामेई ने लिखा है कि सीओ अनुज चौधरी ने बीजेपी को खुश करने के लिए मुसलमानों के खिलाफ बयान दिया है। सपा प्रवक्ता ने लिखा, ‘इससे बड़ा चापलूस कोई नहीं हुआ। इन्हें पता है कि ड्यूटी नहीं निभानी। मर्डर केस मे बीजेपी ने मदद करी इसलिए उसे खुश कर रहा है। इसके करियर में एहसानात थे हमारे बड़ों के। विदेश गए, नौकरी लगी, रंगबाजी समाजवादियों से सीखी। जिस दिन सरकार बदलेगी तब ऊपर वाला प्रत्येक मामले में न्याय करेगा।’

आखिर क्या कहा था सीओ अनुज चौधरी ने?

सीओ अनुज चौधरी ने एक बयान में कहा था, ‘जुम्मा साल में बार-बार आता है और होली एक बार आती है। मुस्लिम समुदाय के लोगों में जिस किसी को लगता है कि होली के रंग से आपका धर्म भ्रष्ट हो जाएगा या जो भी है तो वह उस दिन घर से न निकले। और यदि निकले तो उसका इतना बड़ा दिल होना चाहिए कि सब एक जैसे हैं, रंग तो रंग है। जिस तरह मुस्लिम पक्ष पूरे साल ईद का इंतजार करता है, उसी तरह से हिंदू पक्ष भी होली का इंतजार कर रहा है। ये हिंदू पक्ष के लिए भी है कि यदि कोई इससे बच रहा है तो उस पर भी रंग न डाले।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।