उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब दो अलग-अलग दलों यानी भाजपा और समाजवादी पार्टी की विधायकों के बीच मंच पर ही तीखी कहासुनी हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। आइए जानते हैं कि भाजपा और सपा की विधायकों के बीच क्यों हो गई ये बहस।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि खागा और हुसैनगंज क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़क के निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में खागा विधायक कृष्णा पासवान (भाजपा) और हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्या (सपा) दोनों पहुंची थीं। इसी दौरान पूजा को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा- “यह मेरा क्षेत्र है, पूजा मैं करूंगी।” इस पर सपा विधायक ऊषा मौर्या ने नाराजगी जताते हुए कहा- “क्या मुझे अपमानित करने के लिए बुलाया गया है?” इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई।
दोनों विधायकों को आमंत्रित करने पर सवाल
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मौजूद लोगों के अनुसार, मौके पर जेई द्वारा दोनों विधायकों को आमंत्रित किए जाने को लेकर भी सवाल उठे। इसी दौरान सपा की रत्नेश रत्ना से भी बहस की स्थिति बन गई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। घटना के समय सपा विधायक ऊषा मौर्या के साथ रत्नेश रत्ना सहित खागा के पूर्व प्रत्याशी रामतीरथ परमहंस (डीआईजी) भी मौजूद रहे। हालांकि, बाद में मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा मामला
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे आगामी चुनावों से जोड़कर देख रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव नजदीक आते ही क्षेत्रीय वर्चस्व और सियासी पकड़ को लेकर नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। फिलहाल, इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना ने प्रदेश में खलबली मचा दी है। (रिपोर्ट: उमेश चन्द्रा)
ये भी पढ़ें- झांसी में सरकारी भूमि पर बनी मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने खाली कराया अतिक्रमण