कभी कभी कुछ ऐसा हो जाता है कि इस बात पर यकीन हो जाता है कि ऊपरवाला जब भी देता है छप्पर फाड़कर देता है। हरियाणा में सिरसा जिले के कलांवाली के धर्मपाल के साथ ऐसा ही हुआ है। हलवाई का काम करने वाले धर्मपाल शुक्रवार को जब सोकर उठे तो उन्हें यकीन नहीं हुआ मगर वो करोड़पति बन चुके थे। धर्मपाल की डेढ़ करो़ की लॉटरी लगी थी। हैरानी की बात ये है कि धर्मपाल को यह टिकट एजेंट ने जबरन भेजी थी। धर्मपाल को जब फोन पर बताया गया कि वो करोड़पति बन गए हैं तो उन्हें यकीन नही हुआ मगर जब उन्होंने खुद नंबर चेक किया तो इस बात का भरोसा हुआ।
धर्मपाल ने पंजाब स्टेट राखी बंपर लॉटरी के 5 टिकट 250-250 रुपये में खरीदे थे। कुछ घंटे बाद एजेंट आया और कहा कि सारा टिकट बिक गया है बस एक टिकट रह गया है इसे भी आप खरीद लो। धर्मपाल ने पहले तो एजेंट को मना किया और कहा कि मैंने पहले से 5 टिकट खरीदे हुए हैं, मगर जब उसने काफी रिक्वेस्ट की तो उन्होंने छठा टिकट भी खरीद लिया। शुक्रवार की सुबह एजेंट का फोन आया और बताया कि वो लॉटरी जीत गया है। ये किस्मत ही थी कि धर्मपाल को डेढ़ करोड़ की लॉटरी लग गई़
धर्मपाल ने बताया कि वो हर दिन टिकट नहीं खरीदते हैं बस त्यौहार की बंपर लॉटरी के टिकट ही खरीदते हैं, पिछले 15 साल से ये सिलसिला चल रहा है और अब आखिरकार किस्मत खुल गई। धर्मपाल के तीन बेटे हैं और वो अब इन जीते हुए पैसों से बच्चों की पढ़ाई करवाएंगे।