हम लोगों में से अधिकांश लोगों को गणित की क्लास बहुत बोरिंग लगती थी और जो पढ़ाया जाता था वह शायद ही पल्ले पड़ता था। ऐसे लोगों को गणित के लिए बचपन से ही बड़ा संघर्ष करना पड़ता था। जहां बचपन में पहाड़े याद करने में नानी याद आ जाती थी, तो वहीं बाद में ट्रिग्नोमेट्री से बहुत डर लगने लगता था। खैर, बचपन में पहाड़े याद करने में जो पापड़ बेलने पड़ते थे, वह शायद ही कोई भूल पाया होगा। "दो एकम दो, दो दूनी चार" वाला पहाड़ा ऐसे रटना पड़ता था कि किसी के भी पूछने पर मुंहजबानी उत्तर दे पाएं, जिसे याद करना किसी युद्ध लड़ने जैसा लगता था। लेकिन अब सोशल मीडिया ने गणित को भी मस्ती भरा बना दिया है।
कविता की तरह लिखा गया पहाड़ा
हाल में ही एक वायरल वीडियो में दो का पहाड़ा देखने को मिला है। ये पहाड़ा इतने धांसू अंदाज में लिखा है कि बच्चे तो बच्चे, बड़े भी इसे गुनगुनाने लगे। इस वीडियो को देखकर ऐसा लगता है कि काश बचपन में ऐसे टीचर्स मिले होते, तो आज हम भी गणित के गणेशजी बन गए होते। अगर उस जमाने में कोई टीचर गणित को कहानी या कविता बना देता, तो शायद कई लोगों के मन से गणित का डर दूर हो जाता। फिलहाल यह वायरल वीडियो यह सिद्ध कर रहा है कि गणित को मजेदार बनाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है।
चोरों की कविता, दो का पहाड़ा
एक गांव में थे दो चोर
चोरी करते चारो ओर
छह किलो पीते थे दूध
रोज खाते आठ अमरूद
दस गांव में थे बदनाम
बारह थानों में था नाम
एक दिन चौदह थानेदार आए
सोलह उन पर केस लगाए
अट्ठारह मील दिया धकेल
बीस साल की हो गई जेल
करोड़ों लोगों ने देखा ये वायरल पोस्ट
इस वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर @hindi_adhyapak नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसमें एक किताब के पन्ने पर दो का पहाड़ा कविता के रूप में लिखा गया है। अब ये कविता ऐसी है कि इसे पढ़ते ही हंसी छूट जाए और पहाड़ा आपके दिमाग में चिपक जाए। इस पहाड़े को अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोगों ने पढ़ा और लाखों लोगों ने इसे लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें: