1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. कटरा से श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन बर्फ के बीच से गुजरी, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

कटरा से श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन बर्फ के बीच से गुजरी, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Jan 23, 2026 03:42 pm IST,  Updated : Jan 23, 2026 04:31 pm IST

Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वंदे भारत ट्रेन को बर्फ के बीच से गुजरते हुए दिखाया गया है।

Vande Bharat train from Katra to Srinagar, Vande Bharat train, viral video, Srinagar weather today, - India TV Hindi
वंदे भारत ट्रेन। Image Source : X/@ANI

Viral Video: कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, और श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया और यहां से 20 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों और ऊंचे क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। इसी बीच ट्रेनों का संचालन भी बर्फ के बीच से ही हो रहा है। एक वायरल वीडियो में कटरा से श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन बर्फ के बीच से गुजरते हुए दिखाई दी। 

 

कहां-कहां हुई बर्फबारी ?

उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग पर्यटक रिसॉर्ट में छह इंच से अधिक और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पहलगाम रिसॉर्ट में लगभग तीन इंच बर्फ गिरी। अधिकारियों ने बताया कि बडगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और बांदीपोरा जिलों के कई इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि अनंतनाग और कुलगाम जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। अधिकारियों के अनुसार, अंतिम रिपोर्ट मिलने तक हिमपात जारी था।   

सभी उड़ानें भी रद्द 

खराब मौसम के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर हवाई यातायात बंद होने के बाद शुक्रवार को कश्मीर आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गयीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने बताया, 'लगातार हिमपात, परिचालन क्षेत्रों में बर्फ के जमाव और मार्ग में प्रतिकूल मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के हित में श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ान संचालन आज के लिए रद्द कर दिए गए हैं।' उन्होंने कहा कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम सूचना और रहने की व्यवस्था के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें। गौरतलब है कि, कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में रात भर ताजा बर्फबारी हुई। श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि मौसम की यह स्थिति शुक्रवार शाम तक जारी रहेगी। 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
भारत का इकलौता शहर, जहां पुलिस की वर्दी खाकी नहीं सफेद है; नाम सुनकर यकीन नहीं होगा 
 

भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां 2 प्लेटफॉर्म के बीच से निकलती है रोड; एक साथ दौड़ती हैं कार और ट्रेन
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।