कोलकाता में रात के समय आसमान में संदिग्ध ड्रोन मंडराते हुए देखे गए, जिसके बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने जासूसी की आशंका सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार रात को हेस्टिंग्स क्षेत्र, विद्यासागर सेतु और फोर्ट विलियम के ऊपर कम से कम 8-10 ऐसे संदिग्ध ड्रोन उड़ते हुए पाए गए। गायब होने से पहले ये महानगर के पूर्वी हिस्से में पार्क सर्कस क्षेत्र के ऊपर भी देखे गए।
पुलिस और सेना हाई अलर्ट पर
बता दें कि फोर्ट विलियम में सेना के ईस्टर्न कमान का मुख्यालय स्थित है, ऐसे में यह घटना और भी अधिक गंभीर हो जाती है। इस घटना के बाद पुलिस और सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिस इलाके में ड्रोन्स दिखे हैं वह नो-फ्लाइंग जोन में आता है इसलिए मामला और संवेदनशील हो गया है।
केंद्र ने पश्चिम बंगाल सरकार से मांगी रिपोर्ट
राज्य प्रशासन के एक सीनियर ब्यूरोक्रेट ने बताया कि केंद्र ने भी इस घटना पर पश्चिम बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है। एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि कोलकाता के ऊपर ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली है और फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने एक बयान में कहा कि इस घटना की सत्यता का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हेस्टिंग्स पुलिस थाने के कर्मियों ने सबसे पहले ड्रोन जैसी नजर आने वाली इन उड़ती हुई वस्तुओं को देखा।
कहां से आए ड्रोन्स?
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये ड्रोन जैसी वस्तुएं सोमवार देर रात दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला की दिशा से उड़ती देखी गईं। ड्रोन जैसी ये वस्तुएं हेस्टिंग्स क्षेत्र, सेकंड हुगली ब्रिज (विद्यासागर सेतु) और फोर्ट विलियम (सेना का पूर्वी कमान मुख्यालय) के ऊपर मंडराती दिखीं। उन्होंने बताया कि ड्रोन जैसी वस्तुएं गायब होने से पहले महानगर के पूर्वी हिस्से में पार्क सर्कस क्षेत्र के ऊपर भी देखी गईं। उन्होंने बताया कि विशेष कार्य बल (STF) और कोलकाता पुलिस के जासूसी विभाग ने पहले ही जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने बताया, ‘‘हम जासूसी की आशंका सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं।’’ (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-