1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दुर्गापुर: मेडिकल छात्रा से गैंगरेप के मामले में बड़ा अपडेट, आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची पुलिस

दुर्गापुर: मेडिकल छात्रा से गैंगरेप के मामले में बड़ा अपडेट, आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची पुलिस

 Published : Oct 14, 2025 03:01 pm IST,  Updated : Oct 14, 2025 03:01 pm IST

गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों की पृष्ठभूमि की भी जांच की गई ताकि पता लगाया जा सके कि क्या वे पहले किसी अपराध में शामिल थे या नहीं। आरोपियों के पास से जब्त किए गए मोबाइल फोन भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

durgapur, medical college- India TV Hindi
आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस Image Source : REPORTER INPUT

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस घटना के तार जोड़ने के लिए गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को घटनास्थल पर लेकरपहुंची हहै। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों को परानागंज काली बाड़ी श्मशान घाट से सटे जंगल में स्थित अपराध स्थल पर लाया गया है जो निजी मेडिकल कॉलेज के गेट के पास है। अधिकारी ने बताया, ‘‘चूंकि अपराध का नाट्य रूपांतरण जांच का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए हमने इसे करने की योजना बनाई है।’’

कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा

इस बीच उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से दो को मंगलवार उनके आवासों पर ले जाया गया, ताकि मुख्य रूप से अपराध से जुड़े उन सबूतों का पता लगाया जा सके जिन्हें उन्होंने छिपाया हो। अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के घरों से कुछ कपड़े जब्त किए जो कथित तौर पर उन्होंने अपराध के दौरान पहने थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले जांच के तहत तीन अन्य गिरफ्तार आरोपियों के कपड़े भी जब्त किए गए थे। अधिकारी ने कहा, ‘‘इन कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के नतीजे हमारी जांच में मददगार होंगे।’’ 

आरोपियों की पृष्ठभूमि की भी जांच 

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों की पृष्ठभूमि की भी जांच की गई ताकि पता लगाया जा सके कि क्या वे पहले किसी अपराध में शामिल थे या नहीं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के पास से जब्त किए गए मोबाइल फोन भी जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अपनी जांच के तहत पीड़िता के साथी छात्रों से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि बाद में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जाएगा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से एक प्राइवेट कॉलेज का पूर्व सुरक्षा गार्ड है, जबकि दूसरा आरोपी वर्तमान में दूसरे अस्पताल में कार्यरत है। एक आरोपी स्थानीय नगर निकाय में अस्थायी कर्मचारी है जबकि दूसरा बेरोजगार है। ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली सेकेंड ईयर की छात्रा से शुक्रवार रात दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर कुछ लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। घटना के वक्त पीड़िता अपने फ्रैंड के साथ रात का खाना खाने गई थी। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।