1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ग्राउंड से रिपोर्ट: सुबह के 9 बज रहे थे, कंचनजंगा एक्सप्रेस खड़ी थी, मालगाड़ी के टक्कर मारते ही हवा में कई फीट उछलीं बोगियां

ग्राउंड से रिपोर्ट: सुबह के 9 बज रहे थे, कंचनजंगा एक्सप्रेस खड़ी थी, मालगाड़ी के टक्कर मारते ही हवा में कई फीट उछलीं बोगियां

 Published : Jun 17, 2024 11:44 am IST,  Updated : Jun 17, 2024 03:35 pm IST

पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में ट्रेन हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है और 25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। हादसा रंगपानी और निजबाड़ी स्टेशन के बीच हुई है जब पीछे आ रही एक मालगाड़ी ने कंचनजंगा एक्सप्रेस को टक्कर मार दी

train accident- India TV Hindi
हादसे में कंचनजंगा एक्सप्रेस की तीन बोगियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त। Image Source : INDIA TV

बुरी तरह क्षतिग्रस्त ट्रेन की बोगियां, बोगियों में पड़े शव, पुलिस की गाड़ियां, लगातार एंबुलेंस के बजते सायरन और अपनों की तलाश कर रहे लोगों की चीखें...  पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सोमवार की सुबह-सुबह यही नजारा दिखा। हादसा सोमवार सुबह 9 बजे रंगपानी और निजबाड़ी स्टेशन के बीच हुआ है जब पीछे से आ रही एक मालगाड़ी ने कंचनजंगा एक्सप्रेस को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि मालगाड़ी के इंजन ने कंजनजंगा एक्सप्रेस के तीन बोगी को क्षतिग्रस्त कर दिया।

कंचनजंगा एक्सप्रेस की एक बोगी तो मालगाड़ी के इंजन के ऊपर चढ़ गई है जबकि एक बोगी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। ट्रेन अगरतल्ला से सियालदह जा रही थी लेकिन सियालदह पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गई।

train accident
Image Source : INDIA TVपश्चिम बंगाल ट्रेन हादसा

ऐसे हुई भयावह टक्कर

कंचनजंगा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटा लेट न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना हुई थी। यह ट्रेन अगरतला से सियालदह जा रही थी। सुबह 9 बजे जब ट्रेन रंगापानी और निजबाड़ी स्टेशन के बीच पटरी पर खड़ी थी तभी पीछे से आ रही मालगाड़ी ने इसमें टक्कर मार दी। मालगाड़ी सिग्नल से आगे निकल गई थी और कंचनजंगा ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर लगने की वजह से ट्रेन की बोगियां हवा में कई फीट हवा में उछल गईं जिसके बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस घटना में कंचनजंगा एक्सप्रेस की तीन बोगियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बोगियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गई थी, इनमें एक बोगी तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है और 25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है।

train accident
Image Source : INDIA TVट्रेन हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

मालगाड़ी ड्राइवर के लापरवाही की वजह से हुआ हादसा?

रक्षा और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, डिविजनल टीम और 15 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। फिलहाल प्राथमिक सूचना के अनुसार मालगाड़ी ड्राइवर के लापरवाही का मामला सामने आ रहा है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया है तो वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हालात पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध स्तर पर राहत और बचाव का काम जारी है।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे का कहना है कि हादसे के बाद भारी बारिश के बीच मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। सूत्रों का कहना है कि रेल सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक हो सकती है। हादसे की जांच के लिए जल्द ही कमेटी की घोषणा की जाएगी।

(रिपोर्ट- अनामिका गौड़)

यह भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल ट्रेन हादसे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आया रिएक्शन, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।