1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कुरान का पाठ, 1000 काजियों को न्योता; मुर्शिदाबाद में आज से बाबरी मस्जिद का निर्माण, तोड़ने के लिए भी निकल चुके हैं लोग

कुरान का पाठ, 1000 काजियों को न्योता; मुर्शिदाबाद में आज से बाबरी मस्जिद का निर्माण, तोड़ने के लिए भी निकल चुके हैं लोग

 Published : Feb 11, 2026 07:02 am IST,  Updated : Feb 11, 2026 11:00 am IST

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आक्रांता बाबर के नाम से नई मस्जिद का निर्माण शुरू होने जा रहा है। इस मस्जिद को बनाने का जिम्मा लिया है ममता बनर्जी की पार्टी के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने। आज मस्जिद की नींव रखे जाने के मौके पर बड़े जलसे की तैयारी है।

murshidabad- India TV Hindi
मुर्शिदाबाद में बाबर के नाम से नई मस्जिद का निर्माण शुरू होने जा रहा है। Image Source : X- @BALIYAN_X/PTI

पश्चिम बंगाल की सियासत में आज से बड़ा उबाल आने वाला है। तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर आज से मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू करने वाले हैं। आज पूरे धार्मिक अनुष्ठान के साथ मस्जिद की नींव रखी जाएगी। नींव रखने से पहले सैकड़ों काजी कुरान का पाठ करेंगे। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे से निर्माण का काम शुरू होगा।

'2 साल में पूरा होगा काम'

हुमायूं कबीर का दावा है कि 2 साल अंदर मस्जिद के निर्माण का काम पूरा हो जाएगा। आज नींव डालने के मौके पर 2 लाख लोगों के आने का दावा किया जा रहा है। जमीन की खुदाई चल रही है। मशीनें और मजदूर काम पर लग चुके हैं। ईंटो का अंबार लगा हुआ है। आज मस्जिद की नींव रखे जाने के मौके पर बड़े जलसे की तैयारी है।

और क्या बोले हुमायूं कबीर?

जन उन्नयन पार्टी के चीफ हुमायूं कबीर ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मैं ऊपर वाले का शुक्रिया अदा करता हूं। आज इतने सारे लोग मेरे साथ खड़े हैं, मैं उन सभी का भी शुक्रिया अदा करता हूं। दूसरों को मेरा विरोध करने दो। अगले दो सालों में, मुझे उम्मीद है कि बाबरी मस्जिद का ढांचा पूरा हो जाएगा। मंदिर बनाना ठीक है, लेकिन अगर कोई मुसलमान मस्जिद बनाना चाहता है, तो वे इसका विरोध कर रहे हैं। हम उन्हें सत्ता से बाहर कर देंगे।"

  • सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुरान का पाठ होगा।
  • इस मौके पर 1 हजार से ज्यादा हाजी और कारी मौजूद रहेंगे।
  • दोपहर 12.30 बजे बाबरी मस्जिद की नींव डाले जाने का काम शुरू होगा।
  • इस मौके पर देश के अलग-अलग इलाकों से 2 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

6 दिसंबर को काटा था फीता

इससे पहले 6 दिसंबर को निलंबित विधायक ने फीता काटकर औपचारिक उदघाटन किया था। हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा के जिस प्लॉट पर बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी, वहां भीड़ उमड़ी थी। नमाज के बाद लोगों के लिए बाकायदा दावत का इंतजाम किया गया था। हजारों लोग प्रस्तावित साइट पर नमाज के लिए पहुंचे थे।

'कयामत तक मस्जिद नहीं बनेगी'

हुमायूं कबीर की ये मुहिम पहले पश्चिम बंगाल की सियासत में तूफान पैदा कर रही थी। अब देश के दूसरे हिस्सों में बाबरी के नाम पर मस्जिद का विरोध होने लगा है। यूपी के सीएम ने साफ साफ कह दिया है कि बाबरी के नाम पर मस्जिद का सपना कयामत तक पूरा नहीं होगा।

दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी में विरोध शुरू

मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद का जगह जगह विरोध शुरू हो गया है। दिल्ली में जंतर मंतर पर बाबरी के नाम पर मस्जिद का विरोध किया गया। यूपी में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता अपना काफिला लेकर मुर्शिदाबाद निकल पड़े। हाथ में फावड़ा कुदाल लेकर यूपी के अलग-अलग जिलों से निकल रहे थे लेकिन लखनऊ पुलिस ने जाने से रोक दिया है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के लोगों ने कहा कि उन्हें मस्जिद बनाने पर ऐतराज नहीं है लेकिन बाबर के नाम पर मस्जिद बने, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह मुद्दा पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का बड़ा कारण बन रहा है। हुमायूं कबीर इसे मुसलमानों की गरिमा और भावनाओं से जोड़ रहे हैं जबकि हिंदू संगठन इसे उकसावा करार दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

'कयामत तक बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा', CM योगी आदित्यनाथ का बयान

बाबरी मस्जिद का विरोध करने वालों को हुमायूं कबीर की खुली चेतावनी, बोले- "ये अयोध्या नहीं, मुर्शिदाबाद है"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।