कोलकाता: पश्चिम बंगाल में साल 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा और BJP वर्कर अविजीत सरकार मर्डर केस के आरोपी स्वपन सामद्दार को लेकर लोगों में भारी नाराजगी नजर आई। जब पुलिस बीते सोमवार को सीलदह अदालत से स्वपन सामद्दार को ले जा रही थी, तब कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद गुस्साए लोगों ने पुलिस वैन पर अंडे फेंकें और अपना विरोध दर्ज कराया।
अदालत से निकलते ही आरोपी की वैन पर चले अंडे
चश्मदीदों के अनुसार, जैसे ही पुलिस की वैन आरोपी को लेकर अदालत परिसर से निकली, वहां मौजूद लोग नारेबाजी करने लगे। कुछ लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़े एक्शन की डिमांड करते हुए पुलिस वैन पर अंडे फेंके। इस दौरान, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने हालात को कंट्रोल करने का प्रयास किया और सिक्योरिटी को और मजबूत किया गया।
2021 में चुनाव परिणाम आने के बाद हुई थी अविजीत की हत्या
जान लें कि स्वपन सामद्दार पर 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हुई कथित सियासी हिंसा के दौरान बीजेपी समर्थक अविजीत सरकार के मर्डर में शामिल होने का आरोप है। यह मामला राज्य की सबसे चर्चित पोस्ट-पोल हिंसा घटनाओं में से एक माना जाता है। अविजीत सरकार की मौत के बाद उनके परिवार और BJP नेताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
22 जून तक बढ़ी आरोपी स्वपन सामद्दार की रिमांड
इस केस की सुनवाई के दौरान सीलदह अदालत ने स्वपन सामद्दार को राहत देने से इनकार करते हुए उसकी पुलिस हिरासत को बढ़ा दिया। कोर्ट ने आरोपी स्वपन को 22 जून तक की रिमांड के लिए पुलिस कस्टडी में भेजा है। जांच करने वाली एजेंसियों का कहना है कि मामले से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल होनी अभी बाकी है। आरोपी से पूछताछ के माध्यम से अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
अविजीत सरकार मर्डर केस को लेकर अभी भी लोगों में गुस्सा
वहीं, अदालत के बाहर हुई इस घटना ने फिर से इस केस को सुर्खियों में ला दिया है। अविजीत सरकार मर्डर केस को लेकर लोगों में अब भी काफी गुस्सा है और पीड़ित परिवार इंसाफ की मांग पर अड़ा हुआ है। पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था को कायम रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। मामले की जांच नियमानुसार चल रही है।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी में लेखपाल-वकीलों में बवाल के बीच किसी ने SDM की गाड़ी पर थूका पान, छीछालेदर का वीडियो आया सामने