1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इस्लामिक स्टेट ने ब्रिगेडियर जनरल को मार डाला! नाइजीरिया की सेना की तरफ से आया बड़ा बयान

इस्लामिक स्टेट ने ब्रिगेडियर जनरल को मार डाला! नाइजीरिया की सेना की तरफ से आया बड़ा बयान

 Published : Nov 18, 2025 07:00 am IST,  Updated : Nov 18, 2025 07:00 am IST

ISWAP ने दावा किया कि उसने ब्रिगेडियर जनरल एम. यूसुफ उबा को पकड़कर मार डाला, जबकि नाइजीरियाई सेना ने इस खबर को झूठ बताया। हाल के वर्षों में ISWAP के हमले बढ़े हैं और कई सैन्य चौकियां निशाना बनी हैं।

ISWAP attack, Nigeria army, Brigadier General Yusuf Uba, Boko Haram conflict- India TV Hindi
नाइजीरिया की सेना ने ब्रिगेडियर जनरल की हत्या की खबर को झूठा बताया है। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

डकार: इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस यानी कि ISWAP ने सोमवार को दावा किया कि उसके लड़ाकों ने नाइजीरिया के एक ब्रिगेडियर जनरल को पकड़ लिया और फिर उसकी हत्या कर दी। मारे गए जनरल का नाम ब्रिगेडियर जनरल एम यूसुफ उबा बताया गया है। ISWAP से जुड़ी अल अमाक न्यूज़ एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि जनरल उबा को बोर्नो राज्य के वाजिरोको इलाके में गश्त के दौरान पकड़ा गया और फिर उसे कत्ल कर दिया गया। नाइजीरिया की सेना ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।

ISWAP ने कम से कम 15 बार फौजी चौकियों पर हमले किए

शनिवार को सेना के सोशल मीडिया अकाउंट से जारी बयान में कहा गया, 'सेना मुख्यालय कुछ ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चल रही उस झूठी खबर का खंडन करता है जिसमें ब्रिगेड कमांडर के अपहरण का दावा किया जा रहा है।' ISWAP ने सेना के इस बयान को 'सरासर झूठ' करार दिया है। बोको हराम से अलग हुए दो बड़े गुटों में से एक ISWAP पिछले कुछ सालों में फिर से मजबूत हुआ है। इस साल अब तक इस गुट ने कम से कम 15 बार फौजी चौकियों पर हमले किए हैं, जिसमें कई सैनिक मारे गए और हथियार लूट लिए गए।

ज्यादातर हमलों को रात के वक्त अंजाम देता है ISWAP

इस साल मई में ISWAP ने गाजीबो, बुनी गारी, मार्ते, इज्गे और रान में चौकियां उड़ा दी थीं। इसके अलावा नाइजीरिया-कैमरून की संयुक्त चौकी वुल्गो और कैमरून के सौएराम पर भी हमला किया था। साल भर में मलम फतोरी, गोनिरी, साबोन गारी, वाजिरोको और मोंगुनो जैसे कई इलाकों में भी इस गुट ने हमले किए। ज्यादातर हमले रात के वक्त होते हैं। बोको हराम का दूसरा गुट जमातु अहलिस सुन्ना लिद्दावाती वल जिहाद (JAS) अब आम नागरिकों पर हमले ज्यादा कर रहा है और फिरौती के लिए अपहरण करता है।

नाइजीरिया पिछले कई सालों से आतंकी गुटों से जूझ रहा है

साहेल क्षेत्र के विशेषज्ञ और सूफान सेंटर के सीनियर रिसर्च फेलो वसीम नस्र ने कहा, 'जनरल की हत्या इस बात की याद दिलाती है कि ISWAP के साथ जंग अभी भी चल रही है और नाइजीरियाई सेना अभी भी इस लड़ाई में अपने कीमती संसाधन झोंक रही है।' नाइजीरिया पिछले कई सालों से बोको हराम और दूसरे हथियारबंद गुटों से जूझ रहा है। कई बार गलती से हवाई हमलों में आम लोग भी मारे गए हैं। दूसरी तरफ सेना लगातार हवाई हमले और स्पेशल ऑपरेशन करके इन गुटों के ठिकानों को निशाना बना रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश