वेलिंगटन: न्यूजीलैंड से बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सूटकेस में 2 साल की बच्ची के जिंदा मिलने के बाद एक महिला को बाल उपेक्षा के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि बस के चालक ने सामान रखने वाले स्थान में रखे एक सूटकेस में बच्ची को पाया था।
तप रहा था बच्ची का शरीर
‘डिटेक्टिव इंस्पेक्टर’ साइमन हैरिसन ने एक बयान में कहा कि ऑकलैंड के उत्तर में काईवाका बस्ती में एक बस स्टॉप पर जब एक यात्री ने चालक से उसका सामान निकालने के लिए कहा तो उसने (चालक) बैग के अंदर हलचल देखी। हैरिसन ने बताया कि जब चालक ने सूटकेस खोला तो उसमें 2 साल की बच्ची थी और उसका शरीर तप रहा था, हालांकि उसे कोई चोट नहीं पहुंची थी।
महिला के नाम का नहीं हुआ खुलासा
अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि बच्ची कितनी देर से सूटकेस में बंद थी। उन्होंने बताया कि बच्ची को अस्पताल ले जाया गया और वह स्थानीय समयानुसार रविवार रात तक भर्ती रही। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में एक महिला को बच्ची से दुर्व्यवहार या उपेक्षा के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने महिला के नाम का खुलासा नहीं किया। (एपी)
यह भी पढ़ें:
ये है पाकिस्तान का हाल! कराची में बिजली कटौती के बीच पानी की कमी से मचा हाहाकार
जापान की सबसे बुजुर्ग महिला हैं ये रिटायर्ड डॉक्टर, उम्र है 114 साल; जानें इनकी लंबी जिंदगी का राज