1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में फूटा कोरोना बम, 24 घंटों में सामने आए रिकॉर्ड मामले

नेपाल में फूटा कोरोना बम, 24 घंटों में सामने आए रिकॉर्ड मामले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 29, 2020 10:35 pm IST,  Updated : May 29, 2020 10:35 pm IST

नेपाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 170 नये मामले सामने आये हैं, जो हिमालयी देश में अब तक का एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा है।

Coronavirus in Nepal- India TV Hindi
Coronavirus in Nepal Image Source : AP

काठमांडू। नेपाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 170 नये मामले सामने आये हैं, जो हिमालयी देश में अब तक का एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर 1200 से अधिक हो गयी है । स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी । मंत्रालय ने बताया कि भारत से पिछले हफ्ते वापस लौटे 35 साल के एक नेपाली नागरिक की कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मौत हो गयी । भारत नेपाल सीमा पर पहुंचने के तुरंत बाद वह मर गया । 

मंत्रालय ने बताया कि उसके नमूने जांच के लिये भेजे गये थे, जिसमें वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुयी थी । इसके अनुसार, नेपाल में कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर अब छह हो गयी है। इसने बताया कि 170 नये मामलों में पांच महिलायें हैं, बाकी पुरूष हैं । इन लोगों की उम्र चार साल से 70 साल के बीच है। 

मंत्रालय ने बताया है कि रौतहट जिले में 57, कपिलवस्तु में 51, झापा में 28, बांके में दस, परसा एवं सरलाही में पांच पांच, बारा एवं सपतारी में चार चार, नवलपरासी एवं डांग में दो दो जबकि रूपनदेही एवं म्यागदी में एक एक मामला सामने आया है। इसने कहा है कि सफल इलाज के बाद देश में 19 कोरोना संक्रमितों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गयी है जिससे ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ कर 206 हो गयी है । देश में अब तक 64,154 पोलीमरेज़ चेन रिएक्शन जांच की जा चुकी है । 

नेपाल सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये देश में लॉकडाउन दो जून तक बढ़ा दिया है और यह उन देशों में शुमार है जहां कोविड—19 के बहुत कम मामले हैं । इसके अलावा, नेपाल ने सभी घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय विमानों का परिचालन 14 जून तक के लिये निलंबित कर दिया है ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश