1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान ने मार गिराया अमेरिकी ड्रोन, वैश्विक एयरलाइन कंपनियों ने अपनी उड़ानों के मार्ग बदले

ईरान ने मार गिराया अमेरिकी ड्रोन, वैश्विक एयरलाइन कंपनियों ने अपनी उड़ानों के मार्ग बदले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 21, 2019 07:21 pm IST,  Updated : Jun 21, 2019 07:21 pm IST

ईरान द्वारा अमेरिकी निगरानी सैन्य ड्रोन को मार गिराने के बाद दुनियाभर की प्रमुख एयरलाइन कंपनियों ने शुक्रवार को अपनी उड़ानों के मार्ग परिवर्तित करने शुरू कर दिये ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के क्षेत्रों से बचा जा सके।

Global airlines reroute flights after Iran downs US drone- India TV Hindi
Global airlines reroute flights after Iran downs US drone

दुबई: ईरान द्वारा अमेरिकी निगरानी सैन्य ड्रोन को मार गिराने के बाद दुनियाभर की प्रमुख एयरलाइन कंपनियों ने शुक्रवार को अपनी उड़ानों के मार्ग परिवर्तित करने शुरू कर दिये ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के क्षेत्रों से बचा जा सके। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि वाणिज्यिक एयरलाइनरों पर गलती से हमला किया जा सकता है। बृहस्पतिवार को ईरान की ओर से दागी गई सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से अमेरिकी नौसेना के मानवरहित विमान आरक्यू..4ए ग्लोबल हॉक को मार गिराने के बाद द फेड्रल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने क्षेत्र में ‘‘गलत पहचान या गलत अनुमान की संभावना’’ की चेतावनी दी। अमेरिका के उक्त ड्रोन विमान के पंख बोइंग 737 जेट से बड़े थे और इसकी कीमत 10 करोड़ अमेरिकी डालर से अधिक थी।

Related Stories

अमेरिका ने कहा कि पहले उसने ईरान पर सीमित हमले की योजना बनायी थी लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया। आस्ट्रेलिया की क्वांटस, ब्रिटिश एयरवेज, नीदरलैंड की केएलएम और जर्मनी की लुफ्तांसा ने भी कहा कि वे क्षेत्र से उड़ान से पहरेज करेंगी। वैश्विक एयरलाइंस को दिशानिर्देश मुहैया कराने वाली कंपनी ओपीएसजीआरओयूपी ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘किसी नागरिक विमान को दक्षिणी ईरान में मार गिराने का खतरा वास्तविक है।’’ ईरान ने अमेरिकी घोषणा पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की। एफएए ने कहा कि उसकी चेतावनी तेहरान फ्लाइट इंफार्मेशन रीजन के क्षेत्र को प्रभावित कर सकती है। 

एफएए ने कहा, ‘‘क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां और राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है जो कि अमेरिकी नागरिक उड़ानों के लिए अनजाना जोखिम उत्पन्न करता है और यह गलत पहचान का खतरा उत्पन्न करता है।’’ क्वांटस ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी से बचने के लिए वह अपनी लंदन उड़ानों के मार्ग परिवर्तित करेगी। नीदरलैंड एयरलाइन केएलएम और ब्रिटिश एयरवेज ने भी कहा कि उनकी उड़ानें जलडमरूमध्य से परहेज करेंगी। लुफ्तांसा ने कहा कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी के साथ ही आसपास के क्षेत्र से परहेज करेगी। यद्यपि उसने कहा कि वह तेहरान के लिए अपनी उड़ानें जारी रखेगी। 

अबु धाबी स्थित ऐतिहाद ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिये बिना कहा कि ‘‘आकस्मिक योजनाएं’’ लागू हैं। इसके अलावा अन्य प्रमुख एयरलाइन कंपनियों इमेरात और कतर एयरवेज के अलावा कुछ किफायती एयरलाइन कंपनियों ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। ईरान ने कहा है कि ड्रोन ने उसके हवाईक्षेत्र का उल्लंघन किया जबकि अमेरिकी ने मिसाइल दागे जाने को होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अंतरराष्ट्रीय हवाईक्षेत्र में ‘‘बिना उकसावे का हमला’’ बताया है।

ओपीएसजीआरओयूपी ने कहा कि ड्रोन को मार गिराने के लिए इस्तेमाल ईरानी हथियार प्रणाली रूसी बक प्रणाली जैसी ही है जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर 2014 में यूक्रेन में मलेशियाई एयरलाइन को मार गिराने के लिए किया गया था। ट्रम्प ने शुरुआत में ट्वीट किया था, ‘‘ईरान ने एक बड़ी गलती कर दी है।’’ बाद में वह घटना को कमतर करते प्रतीत हुए जब उन्होंने ओवल आफिस में संवाददाताओं से कहा कि ‘‘किसी जनरल या किसी और ने’’ ड्रोन को मार गिराने की गलती की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश