1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. तीन दिवसीय थाईलैंड यात्रा पर PM मोदी, पूर्वी एशिया और RCEP की बैठक में लेंगे हिस्सा

तीन दिवसीय थाईलैंड यात्रा पर PM मोदी, पूर्वी एशिया और RCEP की बैठक में लेंगे हिस्सा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 02, 2019 07:24 am IST,  Updated : Nov 02, 2019 10:09 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय थाईलैंड यात्रा पर हैं। वह वहां कई बैठकों में हिस्सा लेने के साथ-साथ आज शाम एक इनडोर स्टेडियम में भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।

PM Narendra Modi- India TV Hindi
PM Narendra Modi Image Source : PTI

नई दिल्ली/बैंकाक: भारत-आसियान सम्मेलन और क्षेत्रीय विस्तृत आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) सम्मेलन में भाग लेने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा में विशेष जोर आसियान देशों के साथ भारत के व्यापार एवं सुरक्षा संबंधों को मजबूत बनाना, आरसीईपी समझौते को मूर्त रूप देने पर होगा। 

इन दोनों सम्मेलनों के अलावा थाईलैंड में पीएम मोदी सालाना पूर्वी एशिया सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के अलावा आतंकवाद और चरमपंथी प्रवृत्तियों के उभार के खतरों से निपटने के तरीकों पर चर्चा हो सकती है। आसियान का यह वार्षिक सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब चीन ने दक्षिण चीन सागर के विवादित क्षेत्र और हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र में आक्रामक रुख अपनाए हुए है। 

आसियान समूह का भारत के अलावा अमेरिका, जापान, रूस और चीन के साथ अलग-अलग शिखर सम्मेलन होगा। आसियान के सदस्यों में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यामां और कंबोडिया शामिल हैं। वहीं, पूर्वी एशिया सम्मेलन में आसियान देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस हिस्सा लेंगे। 

आसियान सम्मेलन में व्यापार और निवेश संबंधी मुद्दों पर जोर रहने का अनुमान है जबकि पूर्वी एशिया सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद, परमाणु अप्रसार तथा पलायन से संबंधित मुद्दों पर जोर दिया जाएगा। एक वरिष्ठ भारतीय अधिकारी ने कहा, ‘‘भारत-आसियान सम्मेलन के दौरान आसियान देशों के साथ व्यापार और सुरक्षा संबंधों को मजबूत बनाना भारत की प्राथमिकता में रहेगा।’’

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश