1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कंपनी ने कर्मचारियों को दिया 236 करोड़ रुपये का ईयर-एंड बोनस, बॉस के ऐलान से हैरान रह गए कर्मचारी

कंपनी ने कर्मचारियों को दिया 236 करोड़ रुपये का ईयर-एंड बोनस, बॉस के ऐलान से हैरान रह गए कर्मचारी

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Feb 25, 2026 09:51 pm IST,  Updated : Feb 25, 2026 09:51 pm IST

हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी लिमिटेड ने 2025 के 270 मिलियन युआन मुनाफे में से 180 मिलियन युआन यानी कि करीब 236 करोड़ रुपये कर्मचारियों को बोनस के रूप में बांट दिए। चेयरमैन कुई पेईजुन ने स्टेज से कर्मचारियों में कैश बांटने का ऐलान किया था।

Henan Kuangshan Crane bonus, China company bonus news, 236 crore bonus China- India TV Hindi
हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों में करोड़ों रुपये का बोनस बांटा है। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

बीजिंग/हेनान: चीन की एक कंपनी और उसके मालिक ने कुछ ऐसा करके दिखाया है कि सोशल मीडिया पर उसकी धूम मची हुई है। दरअसल, कंपनी ने अपने कर्मचारियों को इतना बड़ा बोनस दिया कि लोग हैरान रह गए। हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी लिमिटेड ने 2025 में कमाए गए 270 मिलियन युआन या करीब 320 करोड़ रुपये के मुनाफे में से 180 मिलियन युआन यानी कि लगभग 237 करोड़ रुपये का ईयर-एंड बोनस अपने कर्मचारियों को बांट दिया। इस तरह देखा जाए तो कंपनी ने अपने कुल मुनाफे का लगभग 70 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के नाम कर दिया।

जितना गिन पाए उतने पैसे ले गए कंपनी के कर्मचारी

13 फरवरी को कंपनी ने अपना वार्षिक समारोह आयोजित किया था। इसमें करीब 7,000 कर्मचारी और उनके परिवार वाले शामिल हुए थे। अयोजन स्थल पर 800 से ज्यादा बैंक्वेट टेबल लगाए गए थे। इस इवेंट में ही 60 मिलियन युआन या 79 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश बांटा गया। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में लंबी-लंबी टेबलें दिख रही हैं, जिन पर नोटों के ढेर लगे हुए हैं। आयोजन के दौरान कर्मचारियों को स्टेज पर बुलाया जाता था, जहां उन्हें पैसे गिनने का मौका मिलता था। जितना वे गिन पाते, उतना ही वे घर ले जा सकते थे। कुछ लोग नोटों के मोटे बंडल गोद में भरकर ले जा रहे थे, तो कुछ को इतने पैसे मिले थे कि संभालने में मुश्किल हो रही थी।

पहले देने वाले थे वॉशिंग मशीन, बॉस ने कहा- कैश दो

ऑनलाइन ट्रांसफर से दिए गए बोनस को मिलाकर कुल राशि 180 मिलियन युआन या 237 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई। ऐसा करके कंपनी के चेयरमैन कुई पेईजुन, जो कंपनी के लगभग 98.88% शेयर होल्ड करते हैं, ने सबको चौंका दिया। पहले प्लान था कि कर्मचारियों को वॉशिंग मशीन जैसी घरेलू चीजें गिफ्ट की जाएंगी। लेकिन स्टेज पर उन्होंने फाइनेंस डिपार्टमेंट से कहा, 'वॉशिंग मशीन क्यों दे रहे हैं? क्या सोने के दाम बढ़ गए हैं? पिछले सालों में हमने नेकलेस और रिंग्स दिए थे। कैश लाओ और हर किसी को एक्स्ट्रा 20,000 युआन दो!' यह ऐलान सुनते ही कंपनी के कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

'हम जितना राहत दे सकते हैं, उतना देना चाहिए'

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब कंपनी ने अपने कर्मचारियों को यूं दिल खोलकर पैसे दिए हों। 2024 में कंपनी ने 260 मिलियन युआन मुनाफा कमाया था, जिसमें से 170 मिलियन युआन कर्मचारियों को बोनस के रूप में दिए गए थे। जब कुई पेईजुन को बताया गया कि उनका नाम 'पैसे बांटने वाले बॉस' के रूप में मशहूर हो रहा है तो उन्होंने कहा, 'मैं पैसे बांटना पसंद नहीं करता, लेकिन युवा लोग कार लोन और होम लोन के बोझ तले दबे हैं। हम जितना राहत दे सकते हैं, उतना देना चाहिए।' बता दें कि 2002 में शुरू हुई यह कंपनी क्रेन और मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट बनाती और सर्विस करती है और इसका बिजनेस 130 से ज्यादा देशों में फैला हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश