1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Cyclone Biparjoy : चक्रवाती तूफान को लेकर पाकिस्तान में भी अलर्ट, तटीय इलाकों से लोगों को निकालने का काम शुरू

Cyclone Biparjoy : चक्रवाती तूफान को लेकर पाकिस्तान में भी अलर्ट, तटीय इलाकों से लोगों को निकालने का काम शुरू

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jun 12, 2023 02:33 pm IST,  Updated : Jun 12, 2023 02:33 pm IST

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने के बाद पाकिस्तान में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू हो गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : फाइल

कराची:  चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) को लेकर पाकिस्तान में सरकारी अमला भी अलर्ट मोड पर आ गया है। पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में निचले तटीय इलाकों से लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का काम शुरू कर दिया गया है। चक्रवाती तूफान के और मजबूत होने एवं इसके प्रभाव से भारी बारिश तथा तेज हवाएं चलने के आसार हैं। सभी संबद्ध अधिकारियों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। 

Related Stories

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला बिपरजॉय

अरब सागर के ऊपर बना यह चक्रवात रविवार को बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। पाकिस्तान  राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार ने कहा कि चक्रवाती तूफान सिंध के दक्षिण तथा दक्षिण-पूर्वी हिस्सों को प्रभावित कर सकता है। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को कहा कि चक्रवाती तंत्र कराची से 690 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। 

केटी बंदार के पास हो सकता है लैंडफॉल

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों ने सिंध के निचले तटीय इलाकों से लोगों को निकाल कर सरकारी स्कूलों तथा कार्यालयों में पहुंचाया है। चक्रवाती तूफान के पाकिस्तान में केटी बंदार और इसके आसपास के इलाकों में पहुंचने की संभावना है। केटी बंदार सिंध का सबसे पुराना बंदरगाह है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

15 जून को तट को पार कर सकता है बिपरजॉय

यह तूफान मांडवी (गुजरात) और कराची (पाकिस्तान) के बीच पाकिस्तान के तटों को 15 जून दोपहर तक पार कर सकता है। तब तक यह ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ बन जाएगा और इस दौरान 125-130 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से हवा चलने की संभावना है। रविवार रात तक अत्यधिक गंभीर चक्रवाती तूफान बिपोरजॉयकराची से 660 किमी दक्षिण में स्थित था। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश