इजरायल फिलिस्तीन के कब्जे वाले गाजा में लगातार हमले कर आतंकी ठिकानों को नेस्तानबूत करने में जुटा हुआ है। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कसम खाई है कि गाजा में युद्ध के बाद हमास का नामोनिशान मिट जाएगा। गाजा में हमास का कोई अस्तित्व नहीं रहेगा।
Related Stories
ट्रंप ने हमास से क्या कहा?
नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि इजराल ने गाजा में 60 दिन के युद्ध विराम की शर्तों पर सहमति जताई है तथा उन्होंने हमास से आग्रह किया कि स्थिति बिगड़ने से पहले वह इस समझौते को स्वीकार कर ले। ट्रंप ने हमास को चेतावनी दी कि वह इस समझौते को स्वीकार करे, अन्यथा हालात और बिगड़ेंगे। ट्रंप ने कहा कि 60 दिन की अवधि का उपयोग युद्ध को समाप्त करने की दिशा में काम करने के लिए किया जाएगा। अमेरिकी नेता इजराइल सरकार और हमास पर युद्ध विराम, बंधकों से संबंधित समझौते तथा युद्ध को समाप्त करने के लिए दबाव बढ़ा रहे हैं।
हमास ने युद्ध पूरी तरह समाप्त होने की रखी शर्त
हमास ने बुधवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा कि उसे मध्यस्थों से एक प्रस्ताव मिला है और वह युद्ध विराम समझौते पर पहुंचने के लिए वार्ता की मेज पर लौटने के वास्ते उनके साथ बातचीत कर रहा है। हमास ने कहा कि वह इजराइल के साथ संघर्षविराम को तैयार है, लेकिन उसने इस बात पर जोर दिया कि समझौते के बाद गाजा में युद्ध पूरी तरह समाप्त होना चाहिए। हालांकि, इजरायल लगातार कहता रहा है कि वह हमास को समाप्त करने तक जंग जारी रखेगा।
हमास के अधिकारी ताहिर अल-नुनू ने कहा कि उनका संगठन ‘‘किसी समझौते तक पहुंचने के बारे में गंभीर है और इसके लिए तैयार है।’’ उन्होंने कहा कि हमास ‘‘किसी भी ऐसी पहल को स्वीकार करने के लिए तैयार है जो स्पष्ट रूप से युद्ध को पूर्ण अंत की ओर ले जाता हो।’’