पश्चिम एशिया में भीषण जंग जारी है। इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत बड़ी संख्या में नेताओं, सैन्य अधिकारियों और आम लोगों की भी मौत हुई है। अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान समेत कई देशों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, इसी दौरान 4 मार्च को होली भी मनाई जाएगी। ऐसे में पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों ने होली के त्योहार को लेकर बड़ा फैसला किया है।
हिंदू समुदाय ने क्या बताया?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, खाड़ी देशों में जारी हालात और ईरान पर हुए हमले को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान के हिंदू समुदाय के लोगों ने होली का त्योहार सादगी के साथ मनाने का फैसला किया है। पाकिस्तान के हिंदुओं ने रविवार को ऐलान किया है कि वे होली का त्योहार सादगी से मनाएंगे। पाकिस्तान हिंदू परिषद के संरक्षक डॉ रमेश कुमार वंकवानी ने कहा- "राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हिंदू समुदाय से इस वर्ष होली सादगी से मनाने का आग्रह किया है। क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए बड़े सार्वजनिक समारोहों को सीमित करने का आह्वान किया गया है।"
शहबाज शरीफ ईरान पर क्या बोले?
ईरान के हालात पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा- "पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान की जनता, ईरान के लोगों के दुख और शोक की इस घड़ी में उनके साथ हैं और आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई की शहादत पर हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन पर भी चिंता व्यक्त करता है। यह एक सदियों पुरानी परंपरा है कि राष्ट्राध्यक्षों/सरकार प्रमुखों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हम दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। अल्लाह सर्वशक्तिमान ईरानी जनता को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करे।"
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने भी दिया बयान
वहीं, पाकिस्तानी राष्ट्रपति के आधिकारिक X हैंडल से किए गए ट्वीट के मुताबिक, "पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अयातुल्ला खामेनेई और वरिष्ठ ईरानी नेताओं की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया और इस दुख की घड़ी में ईरान सरकार और जनता के प्रति हार्दिक संवेदना और धैर्य और शक्ति के लिए प्रार्थना व्यक्त की।"
ये भी पढ़ें- ईरान में जंग के बीच अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर किया बड़ा झटका, नूर खान एयरबेस पर किया ड्रोन अटैक
'पाकिस्तान की सरकार और लोग दुख की इस घड़ी में ईरान के साथ', खामेनेई के मारे जाने पर बोले शहबाज शरीफ