1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के गढ़ बिंत "Bint Jbeil" को घेरा, IDF ने किया जल्द पूर्ण नियंत्रण का दावा

इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के गढ़ बिंत "Bint Jbeil" को घेरा, IDF ने किया जल्द पूर्ण नियंत्रण का दावा

 Published : Apr 15, 2026 07:56 am IST,  Updated : Apr 15, 2026 07:58 am IST

इजरायली सैनिकों ने दक्षिणी लेबनान के बिंत ज्बील शहर पर कब्जा करने का दावा किया है। इजरायली सेना का कहना है कि जल्द ही यह शहर हमारे पूर्ण नियंत्रण में आ जाएगा।

दक्षिणी इजरायल के बेंट ज्बील में मोर्चा संभाले इजरायली सैनिक। - India TV Hindi
दक्षिणी इजरायल के बेंट ज्बील में मोर्चा संभाले इजरायली सैनिक। Image Source : X@IDF

Israel-Hezbollah War: हिजबुल्लाह से जंग के बीच इजरायली सेना ने बड़ा दावा किया है। IDF का दावा है कि उसने दक्षिणी लेबनान के बिंत ज्बील शहर को पूरी तरह घेर लिया है और कुछ दिनों में इसे पूरी तरह अपने पूर्ण नियंत्रण ले लेने की बात कही है। विभिन्न रिपोर्टों में कहा गया है कि क्षेत्र में हावी होने के बाद इजरायली सेना ने वहां बने घरों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। यह रिपोर्ट अल जज़ीरा ने दी है। 

लेबनान के साथ ईरान को भी बड़ा झटका

इजरायल ने दक्षिणी इजरायल के इस शहर पर कब्जे का दावा तब किया है, जब गत 11 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के बीच हुई शांति वार्ता फेल हो गई थी। इजरायली सेना का कहना है कि उसने दक्षिणी लेबनान में बिंत ज्बील शहर को पूरी तरह घेर लिया है और आने वाले कुछ दिनों में इस पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया जाएगा। सेना के मुताबिक 98वीं डिवीजन के सैनिकों ने पिछले एक सप्ताह में शहर को घेरने का काम पूरा कर लिया और अब शहर के अंदर आक्रामक अभियान शुरू कर दिया गया है। 

आईडीएफ की कार्रवाई में हिजबुल्लाह के 100 आतंकियों की मौत

इजरायली सेना ने दावा किया कि इस कार्रवाई में 100 से अधिक हिजबुल्लाह आतंकवादी मारे गए हैं। सैनिकों ने नजदीकी लड़ाई और हवाई हमलों में हिजबुल्लाह की कई आतंकी संरचनाओं को नष्ट कर दिया और सैकड़ों हथियार जब्त किए। स्थानीय रिपोर्टों और अल जजीरा समेत अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कहा गया है कि शहर में घरों की तोड़फोड़ शुरू हो गई है। लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के अनुसार शहर के केंद्र में दोनों पक्षों में भारी लड़ाई चल रही है और इजरायली बल मुख्य बाजार से महज 500 मीटर की दूरी पर पहुंच गए हैं। कुछ रिपोर्टों में शहर के केंद्र को पूरी तरह तबाह किए जाने की भी बात कही गई है।

हिजबुल्लाह के गढ़ पर इजरायली सेना का कब्जा

बिंत ज्बील हिजबुल्लाह का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां से हिजबुल्लाह ने पहले इजरायल पर कई हमले किए थे। हिजबुल्लाह के नेता नसीरुल्लाह ने इसी शहर से अपना प्रसिद्ध “मकड़ी का जाला” भाषण दिया था। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जबकि लेबनान और इजरायल के बीच अमेरिका में होने वाली बातचीत की तैयारियां भी चल रही हैं। हिजबुल्लाह ने इन दावों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि शहर में “खूनी लड़ाई” जारी है। समूह का दावा है कि उसके लड़ाके इजरायली सैनिकों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।यह घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब क्षेत्र में अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हैं, लेकिन दक्षिणी लेबनान में जमीनी लड़ाई अभी भी जारी है। दोनों पक्षों के बीच संघर्ष से नागरिकों को भारी नुकसान हो रहा है और हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश