1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में तेल की बढ़ती कीमतों से जनता में भड़का गुस्सा, जानें कहां तक पहुंचे पेट्रोल और डीजल के दाम

पाकिस्तान में तेल की बढ़ती कीमतों से जनता में भड़का गुस्सा, जानें कहां तक पहुंचे पेट्रोल और डीजल के दाम

 Published : Apr 03, 2026 07:53 pm IST,  Updated : Apr 03, 2026 07:53 pm IST

पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी ने जनता में गुस्सा भड़का दिया है। कराची में पेट्रोल 458.40 रुपये और डीजल 520.35 रुपये प्रति लीटर हो गया जिसके बाद पंपों पर लंबी कतारें लग गईं।

Pakistan fuel prices 2026, petrol price Pakistan, diesel price Pakistan- India TV Hindi
पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। Image Source : ANI

कराची: पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के चलते पाकिस्तान में ईंधन संकट ने आम लोगों की जेब पर भारी असर डाला है। कराची में पेट्रोल और डीजल की अचानक बढ़ी कीमतों पर जनता में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। बता दें कि सरकार ने 3 अप्रैल 2026 से पेट्रोल का दाम 458.40 पाकिस्तानी रुपया प्रति लीटर और डीजल 520.35 रुपये प्रति लीटर कर दिया। तेल की कीमतें अचानक बढ़ने से कई पाकिस्तानियों के लिए जरूरी खर्चे निकालना भी मुश्किल साबित हो रहा है और उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

लोगों को सता रहा है कीमतों के और बढ़ने का डर

ANI की खबर के मुताबिक, तेल की कीमतें बढ़ने की खबर मिलने पर पूरे कराची में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं, क्योंकि लोगों को कीमतें और बढ़ने का डर सता रहा है। कई लोगों ने कहा कि यह अचानक बढ़ोतरी दैनिक मजदूरी करने वालों के लिए असहनीय बोझ बन गई है। एक शख्स ने कहा, 'पहले कीमतें 55 रुपये बढ़ी थीं, अब 137 रुपये और बढ़ गई हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।' लोगों ने यह भी कहा कि तेल और गैस की बढ़ती कीमतों से कम आय वाले परिवार बहुत ही मुश्किल में जी रहे हैं और कई जरूरी खर्चों में भी कटौती करनी पड़ रही है।

Pakistan fuel prices 2026, petrol price Pakistan, diesel price Pakistan
Image Source : ANIकराची में लोग पेट्रोल पंपों पर गैलन लेकर पहुंच गए।

पहले ही जबरदस्त महंगाई से जूझ रहा है पाकिस्तान

बता दें कि पाकिस्तान पहले ही भारी बेरोजगारी और जबरदस्त महंगाई से जूझ रहा है, ऐसे में लोगों को डर है कि कहीं आने वाले दिनों में महंगाई बर्दाश्त के बाहर ही न हो जाए। तेल की कीमतें बढ़ने के बाद पाकिस्तान में वस्तुओं और सेवाओं का महंगा होना तय है, ऐसे में आम जनता की मुश्किलों में इजाफा ही होगा। पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा कि यह बढ़ोतरी राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से की गई है ताकि देश की ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा चुनौतियों का समाधान किया जा सके। बता दें कि तेल की बढ़ती कीमतों ने पूरे पाकिस्तान में अपना असर दिखाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश