1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन में नहीं लेंगे हिस्सा, शी जिनपिंग और जो बायडेन आएंगे

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन में नहीं लेंगे हिस्सा, शी जिनपिंग और जो बायडेन आएंगे

 Published : Nov 10, 2022 01:14 pm IST,  Updated : Nov 10, 2022 01:14 pm IST

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इंडोनेशिया के बाली में होने जा रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन ने पहले ही कह दिया था कि वह अपनी शर्तों पर पुतिन से मिलेंगे। इस शिखर सम्मेलन में शी जिनपिंग भी पहुंच रहे हैं।

Vladimir Putin News, Vladimir Putin G20, Vladimir Putin Xi Jinping, Xi Jinping Joe Biden- India TV Hindi
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन G-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे। Image Source : AP

जकार्ता: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इंडोनेशिया के बाली में अगले हफ्ते होने जा रहे G-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे। माना जा रहा है कि पुतिन ने यह फैसला यूक्रेन पर अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ संभावित टकराव से बचने के लिए लिया है। यूक्रेन पर हमले के बाद रूस और पश्चिमी देशों में तनाव काफी ज्यादा बढ़ चुका है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित कई वैश्विक नेता 15 नवंबर से इंडोनेशिया के बाली में शुरू हो रहे 2 दिवसीय शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार होना था आमना-सामना

बता दें कि रूस द्वारा इस साल फरवरी अंत में यूक्रेन पर हमला करने के बाद पहली बार बायडेन और पुतिन किसी विश्व मंच पर साथ आने वाले थे। जी-20 के ‘चीफ ऑफ सपोर्ट’ लुहुत बिनसर पंडजैतन ने इंडोनेशिया के देनपसार में बताया कि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव रूसी डेलिगेशन को लीड करेंगे। उन्होंने कहा, ‘इंडोनेशियाई सरकार रूस के फैसले का सम्मान करती है। पुतिन ने पहले ही राष्ट्रपति जोको विडोडो को फोन पर इस फैसले के बारे में जानकारी दे दी थी।’ अभी इंडोनेशिया जी20 की अध्यक्षता कर रहा है और उसके बाद भारत के पास इसकी कमान आएगी।

Vladimir Putin News, Vladimir Putin G20, Vladimir Putin Xi Jinping, Xi Jinping Joe Biden
Image Source : APअमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन ने पुतिन से मुलाकात की संभावना से इनकार किया था।

पूर्व एशिया में कुछ ही दिनों में 3 बड़े शिखर सम्मेलन
जी-20 दक्षिण पूर्व एशिया में इस हफ्ते और उसके बाद होने वाले 3 शिखर सम्मेलनों में सबसे बड़ा है। दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्र संघ (ASEAN) सम्मेलन गुरुवार को कंबोडिया के नोम पेन्ह में शुरू हुआ। G-20 शिखर सम्मेलन इंडोनेशिया के बाली और एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन (APEC) थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में होगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन आसियान और जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे, जबकि अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस APEC में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

बायडेन ने पुतिन के साथ बैठक करने से इनकार किया था
बता दें कि इससे पहले बायडेन ने जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर पुतिन के साथ बैठक करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह व्लादिमीर पुतिन से सिर्फ और सिर्फ रूस में बंद अमेरिकियों की रिहाई पर ही चर्चा कर सकते हैं। बायडेन प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि पुतिन के ऑनलाइन माध्यम से शिखर सम्मेलन में शामिल होने पर वे विश्व नेताओं से उन्हें अलग-थलग करने का आह्वान करेंगे। उन्होंने बहिष्कार या अन्य तरीके से उनकी निंदा करने पर भी चर्चा की है। ऐसे में यह तय हो गया था कि पुतिन इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा ही नहीं लेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश