1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Coronavirus Updates: दुनिया भर में मौतों का आंकड़ा 13 हजार के पार, घरों में कैद हैं 100 करोड़ से ज्यादा लोग

Coronavirus Updates: दुनिया भर में मौतों का आंकड़ा 13 हजार के पार, घरों में कैद हैं 100 करोड़ से ज्यादा लोग

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 22, 2020 02:50 pm IST,  Updated : Mar 22, 2020 02:50 pm IST

इस महामारी के कारण दुनिया के करीब 35 मुल्कों ने बंद (लॉकडाउन) किया है, जिससे जनजीवन, यात्रा और कारोबार प्रभावित हुए है।

Coronavirus Updates, Coronavirus disease, COVID-19, Coronavirus- India TV Hindi
इस जानलेवा वायरस से मरन वालों की तादाद बढ़कर 13, 000 के पार पहुंच गई है। AP

रोम: भारत सहित दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने लिए रविवार को 100 करोड़ से भी ज्यादा लोग घरों में बंद रहे। बता दें कि इस जानलेवा वायरस से मरन वालों की तादाद बढ़कर 13, 000 के पार पहुंच गई है। सबसे बुरी तरह से प्रभावित इटली में कारखाने बंद कर दिए गए हैं। इस महामारी के कारण दुनिया के करीब 35 मुल्कों ने बंद (लॉकडाउन) किया है, जिससे जनजीवन, यात्रा और कारोबार प्रभावित हुए है। वहीं सरकारें सीमाएं बंद करने को लेकर जद्दोजहद कर रही हैं और वायरस की वजह से आर्थिक मंदी से बचने के लिए आपातकालीन उपायों में अरबों डॉलर लगा रही हैं।

दुनिया भर में 3 लाख से ज्यादा संक्रमित

अभी तक दुनिया में तीन लाख से ज्यादा लोगों के संक्रमित में होने की पुष्टि हुई है। इटली में स्थिति गंभीर है जहां 4,800 से ज्यादा लोगों की जान गई है, जो दुनिया में भर में इस संक्रमण से मरने वालों का एक तिहाई है। प्रधानमंत्री जिएसेपे कॉन्टें ने शनिवार देर रात टीवी के जरिए अपने संबोधन में गैर जरूरी कारखानों को बंद करने का ऐलान किया। 6 करोड़ की आबादी वाला इटली पिछले साल चीन में सामने आई बीमारी का नया केंद्र बन गया है। इटली में कोरोना वायरस से हुई मौतों का आंकड़ा चीन और ईरान में हुई मौतें को जोड़ने के बाद भी कहीं ज्यादा है। इटली में कोविड-19 के पुष्ट मामलों में मृत्यु दर 8.6 प्रतिशत है जो कई देशों की तुलना में खासी अधिक है।

Coronavirus Updates, Coronavirus disease, COVID-19, Coronavirus
चीन में यह महामारी पहले के मुकाबले काफी कमजोर हुई है। AP

अमेरिका के कई शहरों में लगा प्रतिबंध
इसके अलावा अमेरिका के न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिलिस के लोग अलग अलग चरणों में बंद का सामना कर रहे हैं। अमेरिका के अन्य राज्यों के भी प्रतिबंध लगाने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘यह साझा राष्ट्रीय बलिदान का समय है, लेकिन यह अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने का भी वक्त है।’ उन्होंने कहा कि हमारी बड़ी जीत होगी। वैश्विक नेताओं के महामारी से लड़ने का संकल्प लेने की बीच, मौतों और संक्रमणों की संख्या में इजाफा जारी है, खासकर यूरोप में। स्पेन में शनिवार को 32 और लोगों की मौत हुई। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने टीवी के जरिए किए गए संबोधन में चेताया कि देश को और मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

फ्रांस में तैनात हुए हेलीकॉप्टर और ड्रोन
उधर, फ्रांस में घातक संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 562 हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोगों को घर से नहीं निकलने देने की सरकार की कोशिश को अमल में लाने के लिए हेलीकॉप्टर और ड्रोन तैनात किए जा रहे हैं। कोविड-19 के प्रसार का मुकाबला करने के लिए अभूतपूर्व उपायों ने अंतरराष्ट्रीय खेल कैलेंडर पर असर डाला है और ओलंपिक के आयोजकों पर तोक्यो में होने वाले 2020 ओलंपिक को टालने का दबाव बढ़ रहा है। इस महामारी ने दुनियाभर के शेयर बाजारों को हिला दिया है। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका बाजार में आपातकाल उपाय के तहत बड़ा पैकेज देने पर विचार कर रहा है।

Coronavirus Updates, Coronavirus disease, COVID-19, Coronavirus
दुनिया के कई देशों में वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। AP

चीन में 3 दिन बाद पहला घरेलू केस
इस बीच अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन ने कोरोना वायरस के एक ऐसे परीक्षण को मंजूरी दी है जिससे नतीजे 45 मिनट में मिल जाएंगे। अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस और उनकी पत्नी की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। चीन में 3 दिन बाद कोरोना वायरस से संक्रमित होने का स्थानीय मामला सामने आया है। चीन में इस संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आई है और यूरोप जैसे अन्य प्रभावित स्थानों से मामले आने की आशंका है। फ्रांस, इटली, स्पेन और अन्य यूरोपीय देशों ने लोगों को घर पर रहने का आदेश दिया है और कुछ मामलों में जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी है।

अफ्रीका में भी महामारी ने पसारे पांव
ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को नागरिकों को घरेलू यात्राओं को रद्द करने को कहा। ब्रिटेन ने पब, रेस्तरां और थिएटर बंद करने को कहा और लोगों से दहशत में आकर सामान नहीं खदरीने को चेताया। वहीं भारत में एक दिन का ‘जनता कर्फ्यू’ चल रहा है, जिसमें लोगों से अपने-अपने घरों में रहने की अपील की गई है। कोरोना वायरस ने अफ्रीका में 1,000 से अधिक को संक्रमित किया है। पश्चिम एशिया हाई अलर्ट पर है, जहां इस संक्रमण से सबसे ज्यादा ईरान प्रभावित है। ईरान में कोविड 19 ने शनिवार को 123 और लोगों की जान ले ली। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश