1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. मध्य पेरिस में जोरदार धमाका, दो दमकलकर्मियों और एक स्पेनिश पर्यटक की मौत

मध्य पेरिस में जोरदार धमाका, दो दमकलकर्मियों और एक स्पेनिश पर्यटक की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 12, 2019 10:52 pm IST,  Updated : Jan 12, 2019 10:52 pm IST

फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार को एक इमारत में शक्तिशाली गैस विस्फोट होने से दो दमकलकर्मियों और स्पेनिश महिला की मौत हो गयी एवं कई अन्य घायल हो गये। आस-पास के कई भवन भी क्षतिग्रस्त हो गये।

Huge blast at Paris bakery leaves several injured- India TV Hindi
Huge blast at Paris bakery leaves several injured

पेरिस: फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार को एक इमारत में शक्तिशाली गैस विस्फोट होने से दो दमकलकर्मियों और स्पेनिश महिला की मौत हो गयी एवं कई अन्य घायल हो गये। आस-पास के कई भवन भी क्षतिग्रस्त हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। फ्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्री क्रिस्टोफ कास्ताने ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि धमाके के बाद लगी आग पर काबू पाने और इलाके में रहने वाले लोगों को बाहर निकालने के लिये करीब 200 दमकल कर्मियों को भेजा गया। 

यह धमाका ऐसे समय में हुआ है जब शहर में सरकार विरोधी ‘‘येलो वेस्ट प्रदर्शन’’ हो रहे हैं। हाल के सप्ताह में ‘‘येलो वेस्ट’’ प्रदर्शनों के दौरान पेरिस एवं अन्य शहरों में हिंसा और तोड़फोड़ हुई थी। विस्फोट में बिल्डिंग का निचला हिस्सा ध्वस्त हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि कारें तक तक पलट गयीं, टूटे हुए कांच और मलबा सड़क पर फैल गया। पेरिस के अभियोजक कार्यालय ने बताया कि धमाके में दो दमकलकर्मियों के मारे जाने के अलावा 47 लोग घायल हुए हैं जिनमें 10 की हालत गंभीर है। स्पेन के विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि इस धमाके में घायल होने के बाद एक महिला अस्पताल में मर गयी। वह अपने पति के साथ छुट्टी मनाने पेरिस गयी थी। धमाके में एक अन्य स्पेनिश नागरिक घायल हो गया। 

इलाके में करीब 100 पुलिस अधिकारियों ने कई सड़कों को बंद कर दिया था। इलाके में म्युजी ग्रेविं वैक्स म्युजियम और मशहूर रु दे मार्तियर्स सहित कई रेस्त्रां और पर्यटन स्थल हैं। पुलिस ने गार्निये ओपेरा हाउस के सामने की सड़क को भी बंद कर दिया, क्योंकि पीड़ितों को निकालने के लिये ऐतिहासिक इमारत के सामने आपातकालीन हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की गयी। नौवें नगर में स्थित जिस इमारत के निचले तल पर धमाका हुआ वहां बेकरी चलती थी। धमाका रु दे त्रेवाइस मार्ग स्थित इमारत में स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह आठ बजे) के बाद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश