1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कोरोना वायरस का डर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रैलियों से बनाई दूरी

कोरोना वायरस का डर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रैलियों से बनाई दूरी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 13, 2020 10:51 am IST,  Updated : Mar 13, 2020 10:51 am IST

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को अपनी रैलियों को अस्थायी तौर पर स्थगित करने का निर्णय लिया है।

कोरोना वायरस का डर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रैलियों से बनाई दूरी- India TV Hindi
कोरोना वायरस का डर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रैलियों से बनाई दूरी

न्यूयॉर्क: कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को अपनी रैलियों को अस्थायी तौर पर स्थगित करने का निर्णय लिया है। रैलियां लंबे समय से ट्रंप का ताकतवर राजनीतिक हथियार रही हैं, ये उम्मीदवार का उत्साह बढ़ाने के साथ ही उसे अपने विरोधियों पर हमला करने के लिए एक मजबूत मंच भी प्रदान करती हैं। साथ ही उनकी टीम को मतदाताओं की जानकारियां जुटाने में भी सहायक साबित होती हैं। 

Related Stories

वहीं, कोरोना वायरस के कारण स्कूल बंद होने और पेशेवर खेल प्रतियोगिताओं को रोके जाने के साथ ही वर्ष 2020 का राष्ट्रपति चुनाव अभियान भी प्रभावित हुआ है। कोरोना वायरस के कारण ही इस हफ्ते की शुरुआत में राष्ट्रपति उम्मीदवार की दौड़ में डेमोक्रेट के दो संभावित दावेदारों जो बाइडेन और बर्नी सैंडर्स ने भी अपनी रैलियों को रद्द कर दिया था। 

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा, ''इनमें से तीन (रैलियां) नेवाडा में की जानी थीं जबकि चार-पांच के बारे में हम विचार कर रहे थे।'' अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति के अभियान ने सभी रैलियों, आयोजनों और धन जुटाने के कार्यक्रमों को कम से कम अगले हफ्ते तक के लिए स्थगित कर दिया है।

बता दें कि कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले एक महीने के लिए यूरोप से अमेरिका की सभी यात्राओं पर पाबंदी लगा दी है। हालांकि यूके को इस रोक से अलग रखा गया है। अमेरिका में कोरोना वायरस से अब तक 38 लोगों की मौत हो गई है जबकि 1300 लोग इससे संक्रमित बताए जा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश