1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'भारत महान देश है', विवादित पोस्ट के बाद ट्रंप की सफाई, विदेश मंत्रालय ने भी दी प्रतिक्रिया

'भारत महान देश है', विवादित पोस्ट के बाद ट्रंप की सफाई, विदेश मंत्रालय ने भी दी प्रतिक्रिया

 Published : Apr 23, 2026 11:17 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 11:17 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक विवादित वीडियो पोस्ट किया था जिसमें भारत के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था। अमेरिकी दूतावास ने इस मामले पर सफाई देते हुए भारत को ‘महान देश’ कहा।

Donald Trump India controversy, Hellhole comment India US, US Embassy clarification India- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

वॉशिंगटन/नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो रीपोस्ट किए जाने के बाद पैदा हुए विवाद पर अब सफाई सामने आई है। नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि ट्रंप भारत को 'महान देश' मानते हैं और यहां का नेतृत्व उनके 'अच्छे मित्र' के हाथ में है। दरअसल, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब ट्रंप ने एक वीडियो रीपोस्ट किया, जिसमें रेडियो होस्ट माइकल सेवेज ने भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को 'Hellhole' यानी कि 'नरक का द्वार' बताया था। इस बयान को लेकर भारत में गुस्सा देखने को मिला, जिसके जवाब में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने सफाई दी है।

भारत ने टिप्पणियों पर दी कड़ी प्रतिक्रिया

अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, 'राष्ट्रपति ने कहा है कि ‘भारत एक महान देश है और वहां शीर्ष पर मेरे एक बहुत अच्छे मित्र हैं।' हालांकि, प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने यह बात कब और कहां कही। इस पूरे मामले पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हमने इन टिप्पणियों को देखा है, साथ ही अमेरिकी दूतावास की ओर से जारी स्पष्टीकरण को भी।' उन्होंने आगे कहा, 'ये टिप्पणियां स्पष्ट रूप से तथ्यहीन, अनुचित और अशोभनीय हैं। ये भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता को बिल्कुल नहीं दर्शातीं, जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं।'

आखिर क्या है ‘नरक का द्वार’ विवाद?

विवादित वीडियो में माइकल सैवेज अमेरिका के मौजूदा इमिग्रेशन कानूनों की आलोचना कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कानून का फायदा उठाकर गर्भावस्था के अंतिम समय में अमेरिका पहुंचते हैं, ताकि उनके बच्चों को वहां जन्म के साथ ही नागरिकता मिल जाए। वीडियो में सैवेज ने कहा कि इस तरह 'यहां पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है' और इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य 'चीन, भारत या दुनिया के किसी और Hellhole देश' से अमेरिका आ जाते हैं।

'द सैवेज नेशन' में प्रसारित हुआ था वीडियो

बता दें कि यह वीडियो पहले 'द सैवेज नेशन' कार्यक्रम में प्रसारित हुआ था। बाद में इसे 'कॉमेंट्री डोनाल्ड जे. ट्रंप पोस्ट्स फ्रॉम ट्रुथ सोशल' नाम के अकाउंट द्वारा दोबारा शेयर किया गया, जो ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट को रीपोस्ट करता है। वीडियो में सैवेज ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में जन्मसिद्ध नागरिकता पर चल रही बहस पर नाराजगी जताते हुए कहा, 'आज की संक्षिप्त चर्चा उन दलीलों के बारे में है जो मैंने सुप्रीम कोर्ट में सुनीं। मुझे यह सुनकर गुस्सा आया, क्योंकि वहां सिर्फ कानूनी भाषा का खेल चल रहा था।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश