1. Hindi News
  2. बिहार
  3. चूक! स्वास्थ्य मंत्री ने गलती से सिर पर पहन लिया 'जूते का कवर', तस्वीरें वायरल, तेजस्वी यादव ने साधा निशाना

चूक! स्वास्थ्य मंत्री ने गलती से सिर पर पहन लिया 'जूते का कवर', तस्वीरें वायरल, तेजस्वी यादव ने साधा निशाना

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 21, 2024 08:22 pm IST,  Updated : Oct 21, 2024 08:33 pm IST

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें वह सिर पर शूज कवर पहने हुए दिख रहे हैं। पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने उन पर निशाना भी साधा है।

Mangal Pandey- India TV Hindi
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय Image Source : MANGAL PANDEY/X

पटना: बिहार के बेगूसराय में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां के एक हॉस्पिटल में उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के सिर पर 'जूते का कवर' पहना दिया गया। मंत्री ने उद्घाटन समारोह की ये तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर भी डालीं। मंत्री मंगल पांडेय को लग रहा था कि उन्होंने सिर पर सर्जिकल कवर पहना है, लेकिन वह शू कवर निकला। हैरानी की बात ये है कि मौके पर मौजूद डॉक्टर्स ने सिर पर सर्जिकल कवर पहन रखा था, वहीं मंत्री के सिर पर शू कवर था।

फोटो हुईं वायरल 

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, 'सदर अस्पताल बेगूसराय में ब्लड सेपरेटर इकाई एवं नवनिर्मित यक्ष्मा केंद्र का उद्घाटन मंत्री सुरेंद्र मेहता और विधायक कुंदन कुमार के साथ किया।'

पोस्ट की गईं तस्वीरों में मंगल पांडेय शू कवर पहने दिख रहे हैं, वहीं मौके पर मौजूद अन्य लोग सर्जिकल कवर पहने दिख रहे हैं। इस लापरवाही में गलती किसकी है, ये अभी तक पता नहीं लग पाया है लेकिन सोशल मीडिया पर फोटोज वायरल होने के बाद यूजर्स मंत्री को ट्रोल कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स इसे स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही बता रहे हैं।

Bihar Health Minister
Image Source : Xबिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने खुद अपने एक्स हैंडल पर शेयर की थीं तस्वीरें

मंत्री ने पोस्ट हटाया 

जब इस मामले ने तूल पकड़ा तो मंत्री मंगल पांडेय ने अपने एक्स हैंडल से इस पोस्ट को हटा दिया है। हालांकि उनके पोस्ट के स्क्रीनगैब वायरल हो रहे हैं। खबर लिखे जाने तक मंत्री द्वारा इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

गौरतलब है कि अस्पताल में सफाई और सुरक्षा की वजह से स्टाफ और अन्य लोग सिर के ऊपर सर्जिकल कवर पहनते हैं। वहीं जूतों की गंदगी संवेदनशील कमरों में ना जाए इसलिए जूतों के ऊपर भी एक कवर पहना जाता है, जिसे शू कवर कहते हैं।

तेजस्वी यादव ने भी साधा निशाना

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा, 'तस्वीर में दिख रहे शख़्स बिहार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे हैं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने अस्पताल में इन्हें सर्जिकल हेड कवर की बजाय सिर पर शू-कवर पहना दिया। मंत्री जी को भी अंतर मालूम नहीं है। अब आप बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की बस कल्पना करिए। ये बिहार के अब तक के सबसे नाकारा और असफल स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।