पटना: बिहार की सियासत में तो पिछले कुछ दिनों से हलचल है ही वहीं मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग पर भी हलचल बढ़ गई है। पिछले दो दशकों से सत्ता का केंद्र रहा मुख्यमंत्री आवास अब खाली हो रहा है। नीतीश कुमार ने अब 7 सर्कुलर रोड के बंगले में सामान शिफ्ट करना शुरू कर दिया है।
Related Stories
7, सर्कुलर रोड शिफ्ट होंगे नीतीश
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस्तीफा देने के बाद जिस 7, सर्कुलर रोड के सरकारी बंगले में रहना है वहां Renovation का काम चल रहा है। इसी सिलसिले में आज एक ट्रैक्टर से नया फर्नीचर और कुछ अन्य सामान बंगले के अंदर ले जाया गया।
बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत
दरअसल, यह शिफ्टिंग महज एक आवासीय बदलाव नहीं है, बल्कि बिहार में बड़े राजनीतिक बदलाव का स्पष्ट संकेत है। नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की। शपथ लेने के बाद वे वापस पटना लौट आए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 14 अप्रैल को वे मुख्यमंत्री पद से औपचारिक रूप से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद 1 अणे मार्ग में किसी नए मुख्यमंत्री की नेमप्लेट दिखाई देगी।
पहले भी यहां रह चुके हैं नीतीश कुमार
वहीं नीतीश कुमार का नया ठिकाना 7 सर्कुलर रोड का बंगला होगा। इस बंगले को पिछले कुछ हफ्तों से युद्ध स्तर पर रेनोवेट किया गया है। इस बंगले में नीतीश कुमार पहले भी रह चुके हैं। यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास (10 सर्कुलर रोड) के बेहद करीब है। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद, उनके निजी स्टाफ और जरूरी फाइलों को पहले ही नए पते पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर एक कीर्तिमान स्थापित किया। वह लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद-चारों सदनों के सदस्य रहने वाले बिहार के चुनिंदा नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं। वहीं माना जा रहा है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। वहीं अगले दिन यानी 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार का गठन हो सकता है।