1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. अगरतला एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुए 4 बांग्लादेशी, फर्जी आधार कार्ड बरामद

अगरतला एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुए 4 बांग्लादेशी, फर्जी आधार कार्ड बरामद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 13, 2021 07:47 pm IST,  Updated : Aug 13, 2021 07:47 pm IST

सभी बांग्लादेशी नागरिकों के पास वैध टिकट थे लेकिन जब वे सुरक्षा जांच से गुजर रहे थे तो पता चला कि उनके आधार कार्ड जाली थे।

Bangladeshi Arrested, Bangladeshi Indian Documents, Bangladeshi Aadhar Card- India TV Hindi
गिरफ्तारी के बाद बांग्लादेशी नागरिकों को पूछताछ के लिए एयरपोर्ट थाने ले जाया गया। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

अगरतला: 75वें स्वतंत्रता दिवस से पहले अगरतला स्थित महाराजा बीर बिक्रम (MBB) एयरपोर्ट पर शुक्रवार को जाली पहचान पत्र के साथ चेन्नई जाने का प्रयास करने वाले 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। राज्य के खुफिया सूत्रों से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी बांग्लादेशी नागरिकों को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया, जिन्होंने खुद को भारतीय नागरिक बताया और भारतीय आधार कार्ड प्रस्तुत किए, जो जाली साबित हुए। बांग्लादेशियों की पहचान दुलाल शेख, यूसुफ शेख, अमीनुल शेख और रेजाबुल शेख के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद बांग्लादेशी नागरिकों को पूछताछ के लिए एयरपोर्ट थाने ले जाया गया।

‘बांग्लादेशी नागरिकों के पास मिले जाली आधार कार्ड’

एयरपोर्ट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सुकांत सेन चौधरी ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि एमबीबी एयरपोर्ट से 4 बांग्लादेशी नागरिक चेन्नई के लिए रवाना हो रहे हैं। चौधरी ने कहा, ‘उन सभी के पास वैध टिकट थे लेकिन जब वे सुरक्षा जांच से गुजर रहे थे तो पता चला कि उनके आधार कार्ड जाली थे। जल्द ही हमारे थाने से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बाद में उनकी असली पहचान सामने आई।’ उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया था।

शनिवार को बीएसएफ ने पकड़े थे 10 बांग्लादेशी
पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा बढ़ा दी गई है और BSF को त्रिपुरा की 856 किलोमीटर लंबी सीमा पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सतर्क कर दिया गया है। इससे पहले बीते शनिवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा से भारत में अवैध रूप से प्रवेश का प्रयास कर रहे 10 बांग्लादेशियों को सीमा सुरक्षा बल ने पकड़ लिया था। बीएसएफ के मुताबिक, इन बांग्लादेशियों में 5 बच्चे, 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। इन्हें गुवाहाटी फ्रंटियर के अंतर्गत तैनात बीएसएफ की 192वीं बटालियान के कर्मियों ने जिले के सबरी सीमा चौकी के पास से पकड़ा गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।