1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. व्यक्ति ने चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या की, खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंच गुनाह कबूला

व्यक्ति ने चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या की, खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंच गुनाह कबूला

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 31, 2021 03:25 pm IST,  Updated : Jul 31, 2021 03:25 pm IST

दिल्ली के मंगोलपुरी में शनिवार सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या कर दी और खून से सना चाकू लेकर पुलिस थाना पहुंच अपना गुनाह कबूल कर लिया।

दिल्ली पुलिस- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस Image Source : PTI FILE PHOTO

नयी दिल्ली। दिल्ली के मंगोलपुरी में शनिवार सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या कर दी और खून से सना चाकू लेकर पुलिस थाना पहुंच अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार महिला शबाना (40) को पड़ोसी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार शबाना की समीर के साथ उसकी शराब पीने की लत को लेकर अकसर लड़ाई होती थी।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) परविंदर सिंह ने बताया, ‘‘सुबह सात बजकर 47 मिनट पर हमें पीसीआर पर हत्या के संबंध में फोन आया और इसी बीच समीर खून से सना चाकू लेकर मंगोलपुरी पुलिस थाना पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।’’ दंपति के 21 और 17 साल के दो बच्चे हैं।

मामले में प्रत्यक्षदर्शी रही दंपति की बेटी के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है और समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंह ने बताया, ‘‘समीर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शराब पीने की उसकी आदत और कोई नौकरी नहीं करने की बात पर उससे झगड़ा किया करती थी। पिछले एक महीने से वह उसे घर में भी घुसने नहीं दे रही थी। इसी कारण उसने पत्नी की हत्या कर दी।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।