1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. Facebook पेज पर कमेंट से नाराज हुआ शख्स, होली मिलन के बहाने 3 दोस्तों को चाकू से गोदा

Facebook पेज पर कमेंट से नाराज हुआ शख्स, होली मिलन के बहाने 3 दोस्तों को चाकू से गोदा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 01, 2021 07:55 pm IST,  Updated : Apr 01, 2021 07:55 pm IST

एक शख्स अपने फेसबुक पेज पर कमेंट से इतना गुस्सा हुआ कि उसने कमेंट करने वाले अपने दोस्तों पर ही चाकू से धावा बोल दिया।

Facebook, Facebook Comment Stabbing, Facebook Stabbed, Facebook Friend Stabbed- India TV Hindi
एक शख्स अपने फेसबुक पेज पर कमेंट से इतना गुस्सा हुआ कि उसने कमेंट करने वाले अपने दोस्तों पर ही चाकू से धावा बोल दिया। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक शख्स अपने फेसबुक पेज पर कमेंट से इतना गुस्सा हुआ कि उसने कमेंट करने वाले अपने दोस्तों पर ही चाकू से धावा बोल दिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बहराइच में एक युवा ने अपने फेसबुक पेज पर की गई प्रतिकूल टिप्पणियों से नाराज होकर होली के दिन 3 दोस्तों को चाकू से गोद दिया। दरअसल, आशीष सिंह नाम के युवा ने होली की पार्टी के बहाने अपने दोस्तों को घर बुलाया और फिर उनके ऊपर चाकू से वार किया। दोस्तों ने एक तस्वीर का मजाक उड़ाया था, जिसे आरोपी आशीष सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।

‘होली मिलन पर बुलाकर चाकू से गोदा’

घटना के बारे में जानकारी देते हुए SHO कोतवाली देहात ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि 3 युवकों, शिवेंद्र, दुर्गेश, और जे. पी. यादव ने 29 मार्च को अपने दोस्त आशीष सिंह द्वारा किए गए एक फेसबुक अपडेट पर टिप्पणी पोस्ट की थी। चौहान ने कहा, ‘इन टिप्पणियों से क्रोधित होकर, आशीष ने 30 मार्च को होली मिलन के लिए तीनों दोस्तों को अपने घर बुलाया। जब वे घर में दाखिल हुए, तो उन पर चाकुओं से हमला कर दिया।’ उन्होंने बताया कि पीड़ितों को पहले एक स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में ले जाया गया, जहां से उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

‘मुख्य आरोपी आशीष सिंह फरार’
SHO कोतवाली देहात ओम प्रकाश चौहान ने कहा कि पीड़ितों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर, हत्या के प्रयास और आपराधिक धमकी के आरोपों के तहत एक प्राथमिकी आशीष और दो अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि बाकी के 2 युवकों ने अपराध को अंजाम देने में आशीष की मदद की थी। चौहान ने बताया कि मुख्य आरोपी आशीष सिंह अभी भी फरार है जबकि उसके दो सहयोगियों, ऋषभ पांडे और प्रशांत अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।