1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. "बेटे पर संकट" बोलकर गंगाजल से पवित्र करने के लिए लाखों के गहने उतरवाए, लेकर हो गया फुर्र

"बेटे पर संकट" बोलकर गंगाजल से पवित्र करने के लिए लाखों के गहने उतरवाए, लेकर हो गया फुर्र

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Jan 15, 2025 11:57 am IST,  Updated : Jan 15, 2025 12:00 pm IST

लुटेरों ने महिला से अंगूठी और सोने की चेन उतारकर एक थैले में रखने को कहा, ताकि वो गहनों को गंगाजल से धो सकें और पवित्र कर सकें।

गहने पवित्र करने बहाने लूट- India TV Hindi
गहने पवित्र करने बहाने लूट

ओडिशा के राउरकेला के उदितनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिसरा इलाके में मंगलवार को लुटेरों ने एक महिला से लाखों के गहने लूट लिए। पीड़िता किरण अग्रवाल उस समय मंदिर जा रही थीं जब चोरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, दो लुटेरे बाइक पर सवार होकर किरण के पास आए और बातचीत करने लगे। उन्होंने दावा किया कि किरण के परिवार पर खतरा मंडरा रहा है और उन्हें एक विशेष अनुष्ठान करने का सुझाव दिया, जिससे उनके परिवार की रक्षा हो सके।

चालाक लुटेरों ने किरण को अंगूठी और सोने की चेन उतारकर एक थैले में रखने को कहा, ताकि वो गहनों को गंगाजल से धो सकें और पवित्र कर सकें। उन्होंने किरण को 51 कदम चलते हुए अपने हाथ की हथेली को बंद रखने और उसके बाद खोलने को भी कहा, ताकि वह 'देवी' को देख सकें। किरण ने लुटेरों के निर्देशों का पालन किया और 51 कदम चलने के बाद अपना हाथ खोला, तो पाया कि लुटेरों के साथी पहले से ही बाइक पर उनका इंतजार कर रहे थे और देखते ही देखते लुटेरे फरार हो गए।

भविष्यवाणियां सुनाने लगा

पीड़िता ने बताया, "मकर संक्रांति थी और मैं मंदिर जा रही थी। मंदिर के पास एक व्यक्ति मिला और उसने रोक कर पहले मुझे क्लीनिक का पता पूछा। मेरे मना करने पर उसने मुझे बार-बार टोका और मुझे अपने भविष्यवाणियां सुनाने लगा। उसने मुझे कहा कि मेरे बेटे पर संकट आने वाला है। मेरे विश्वास नहीं करने पर उसने एक और व्यक्ति को अपने पास बुलाया, जो उससे पहले ही उसके साथ मिला हुआ था। उन्होंने किसी तरह मुझे अपनी बातों में फंसा लिया। फिर उसने मुझसे पानी की एक बोतल मांगी और मैंने उसे एक पानी की बोतल लाकर दी।"

51 कदम आंख बंद कर चलने को कहा

महिला ने आगे बताया, "फिर उसने थोड़ी देर बाद मुझसे कहा कि आपने जिस तरह सोने के गहने पहने हैं वो सही नहीं है और उन्हें गंगाजल से शुद्ध करना होगा। फिर उसने मुझसे गहने उतरवा कर एक बैग में भर लिए। उसके बाद उसने मुझसे कहा कि आप 51 कदम आंख बंद कर चलकर आगे जाइए और उसके बाद आपको वहां माता दिखाई देंगी। उन्हें आप अपनी मनोकामना सुनाकर लौट आइएगा। आपकी मनोकामनाएं पूरी हो जाएंगी। जब तक मैं लौटकर आई वो लोग भाग चुके थे और उन्होंने सोने की मेरी चेन और अंगूठी लूट ली है।" घटना के बाद किरण ने उदितनगर पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराधियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

IndiGo की फ्लाइट में मिली धमकी भरी चिट्ठी, कुछ ऐसा लिखा था कि उड़ गए सबके होश

VIDEO: कर्नाटक में अंगारों से गुजरते बैल ने 3 लोगों को मारी टक्कर, बेसुध होकर गिरे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।