1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. "लोकसभा चुनाव में NDA को बहुमत नहीं मिल रहा", नीतीश पर केजरीवाल का अटैक- बिहार में 17 सीटों पर हारेंगे

"लोकसभा चुनाव में NDA को बहुमत नहीं मिल रहा", नीतीश पर केजरीवाल का अटैक- बिहार में 17 सीटों पर हारेंगे

 Reported By: Sanjay Sah, Edited By: Malaika Imam
 Published : Jan 30, 2024 05:59 pm IST,  Updated : Jan 30, 2024 06:12 pm IST

सीएम केजरीवाल ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के साथ धोखा किया है। ED की कारवाई पर केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर को लेकर माहौल बनाया, तो फिर ईडी की जरूरत क्यों आई?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार के NDA में शामिल होने के बाद 'आप' संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने करारा हमला किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार 17 सीटों पर हारेंगे। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के साथ धोखा किया। ED की कारवाई पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर को लेकर माहौल बनाया, तो फिर ईडी की जरूरत क्यों आई, वो इसलिए कि इनकी सीटें नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन की सीटें शेयर हो गईं, तो नहीं जीत पाएंगे। लोकसभा चुनाव में NDA को बहुमत नहीं मिल रहा है।

"चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सरेआम बेईमानी की गई"

वहीं, चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ में महापौर पद के लिए हुए चुनाव में सरेआम "बेईमानी" की गई और जिन लोगों ने ऐसा किया वे राष्ट्रीय चुनाव में किसी भी हद तक जा सकते हैं। दरअसल, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को हरा दिया है। सीएम केजरीवाल की प्रतिक्रिया आज बीजेपी के मनोज सोनकर द्वारा AAP के कुलदीप कुमार को हराकर महापौर पद जीतने के बाद आई। कुमार को कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद महापौर पद के लिए चुनाव में प्रत्याशी बनाया गया था। नतीजे घोषित होते ही विपक्षी गठबंधन इंडिया (I.N.D.I.A) के घटक दल आप और कांग्रेस के पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। 

"राष्ट्रीय चुनाव में किसी भी हद तक जा सकते हैं" 

केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, "चंडीगढ़ के महापौर पद के लिए हुए चुनाव में दिनदहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वह बेहद चिंताजनक है। यदि महापौर के चुनाव में यह लोग इतना गिर सकते हैं तो राष्ट्रीय चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। यह बेहद चिंताजनक है।" पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद हो रहे चुनाव, विपक्षी गठबंधन इंडिया के सदस्य कांग्रेस और 'आप' के एक साथ चुनाव लड़ने के कारण महत्वपूर्ण हैं। दोनों दलों में हालांकि पंजाब में लोकसभा चुनावों के लिए सीटों की साझेदारी पर अभी सहमति नहीं बनी है।

बीजेपी के मेयर उम्मीदवार सोनकर को मिले 16 मत

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी के मेयर उम्मीदवार मनोज सोनकर को 16 मत मिले, जबकि AAP के कुलदीप कुमार के पक्ष में 12 मत आए। आठ मतों को अवैध घोषित कर दिया गया। नवनिर्वाचित महापौर वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के पद पर चुनाव कराएंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही 'आप' ने महापौर पद के लिए प्रत्याशी खड़ा किया था। कांग्रेस ने वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पदों के लिए अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। 

ये भी पढ़ें- 

ग्रेनेड, खंजर, विस्फोट, पिस्तौल... बापू को 6 बार मारने की हुई कोशिश, आखिर अंजाम तक कैसे पहुंची हत्या की साजिश?

I.N.D.I.A गठबंधन पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी का बड़ा हमला, बोले- 'ब्रेन डेड' हो गया है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।