1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के कई इलाके में शॉपिंग मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

दिल्ली के कई इलाके में शॉपिंग मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 20, 2024 02:00 pm IST,  Updated : Aug 20, 2024 02:14 pm IST

दिल्ली के कई शॉपिंग मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस ने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू की। मौके पर बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न शॉपिंग मॉल को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, चाणक्य मॉल, सेलेक्ट सिटीवॉक, एंबिएंस मॉल, डीएलएफ, सिने पोलिस, पैसिफिक मॉल, प्राइमस हॉस्पिटल और यूनिटी ग्रुप को धमकी भरा मेल मिला, जिसमें कहा गया, 'कुछ घंटों में विस्फोटक फट जाएगा। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मेल के संज्ञान में आते ही मॉल अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू की। मौके पर बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं। अभी तक कोई बम नहीं मिला है। 

ईमेल में डेटलाइन का जिक्र नहीं 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि धमकी भरे ईमेल में डेटलाइन का जिक्र नहीं किया गया है। यह मेल कई मॉल और अन्य जगहों पर भेजा गया है। फिलहाल जांच चल रही है। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

17 अगस्त को भी बम की धमकी मिली थी

इससे पहले भी दिल्ली-एनसीआर के कई मॉल में बम होने की धमकी मिली थी। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल में बम होने की धमकी मिली थी, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। एम्बिएंस मॉल के प्रशासन को एक ईमेल मिला जिसमें कहा गया था कि मॉल में एक बम रखा गया है। सूचना पर बम का पता लगाने और निष्क्रिय करने वाले दस्ते, डॉग स्क्वायड और स्वाट टीम सहित सभी टीमें मौके पर आईं। जांच में किसी को कुछ भी नहीं मिला। 

2 अगस्त को स्कूल में मिला धमकी भरा मेल

गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि अगर कोई सोशल मीडिया पर किसी पोस्ट या ईमेल के जरिए बम की धमकी की भ्रामक या गलत जानकारी देता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि 2 अगस्त को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके के एक स्कूल को एक ईमेल मिला था, जिसमें उसे बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ईमेल में कहा गया था कि स्कूल में बम रखा गया है, हालांकि जांच में कुछ नहीं मिला।

इनपुट- ANI

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।