मुंबई: एक फिल्म की शूटिंग के दौरान चोटिल हुए बिग बी यानि अमिताभ बच्चन ने फैंस को अपना हाल बताते हुए कहा है कि वो अब ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। हालांकि चोट को ठीक होने में थोड़ा वक्त लगेगा। आपको बता दें कि सुजॉय घोष की फिल्म टीन की शूटिंग के दौरान अमिताभ की पसलियों में चोट लग गई थी, जिसने फिल्म कुली के दौरान लगी उनकी चोट की याद ताजा कर दी थी। हालांकि अब उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
फिल्म टीन की शूटिंग के दौरान अमिताभ की पसलियों में चोट लग गई थी। चोट लगने से अमिताभ शूटिंग छोड़कर जांच के लिए मुंबई वापिस चले गए थे। अमिताभ के चोटिल होने के बाद जब उनके फैंस ने ट्वीट और मेसेजस भेजकर उनका हाल जानना चाहा तब बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा -नहीं, घबराने की जरूरत नहीं है...मेरी पसलियों में चोट लगी है, इसमें दर्द है और जब मैं सांस लेता हूं तो दर्द होता है। मैं बर्फ की सिकाई और दर्द निवारक दवा ले रहा हूं। मेरे डॉक्टर ने कहा है... ठीक होने में 48 घंटे लगेंगे। साथ ही हम एक्सरे या एमआरआई या जो कुछ भी वह निर्णय लेंगे कराएंगे।