रांची: बॅालीवुड अभिनेत्री जूही चावला और उनके पति जय मेहता के खिलाफ रांची में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया गया है। यह केस एक प्राइवेट कंपनी को फ्रेंचाइजी देने के नाम पर 8 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में दर्ज करवाया है। यह FIR प्राइवेट स्कूलों के लिए एजुकेशनल प्रोग्राम तैयार करने वाली कंपनी 'आइक्यू लॉजिक इंडिया' के संचालक जयेश सिन्हा ने दर्ज कराई है। उनके अनुसार जूही चावला और उनके पति ने धोखा दिया है।
इनका आरोप है कि मुंबई की कंपनी उबकुल फ्यूटेक ने स्कूलों में डिजिटल एजुकेशन के लिए 2013 में फ्रेंचाइजी देने की बात कही थी। लेकिन जब उन्हें समय से फ्रेंचाइजी नहीं मिली तब उन्होंने यह FIR दर्ज करवाई। जूही चावला के पति जय मेहता इस कंपनी के फाउंडर हैं और जूही चावला भी कंपनी से जुड़ी हैं। वो इस कपंनी की ब्रांड पब्लिसिटी एम्बेसडर है। इस केस में कुल 7 लोगों पर रांची के लालपुर थाने में FIR हुई है।
यह भी पढ़ें-
FIR में यह कहा गया है कि इस डील को लेकर यह तय हुआ था कि जूही चावला रांची में तीन दिन तक रहकर उनके साथ स्कूलों में कैम्पेन करेंगी, लेकिन जूही रांची नहीं आईं। सिन्हा को जब फ्रेंचाइजी नहीं मिली तो उन्होंने इस बात से नाराज होकर मई 2015 में इस सिलसिले में कोर्ट में शिकायत दर्ज करवाई थी।
कोर्ट के आदेश के बाद धारा 406, 420 और 120(B) के तहत लालपुर थाने में इस मामले को लेकर एफआईआर नंबर 62/16 दर्ज की गई है। जूही चावला व उनके पति जय मेहता IPL में KKR टीम के भी मालिक हैं। इसके साथ ही फ़िल्म अभिनेता शाहरूख खान भी इसके मालिक हैं।