मुंबई: अनीस बजमी की आने वाली हास्य फिल्म वेलकम बैक में काम कर रहे प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर निर्देशक के तौर पर वापसी करने जा रहे हैं।
नाना ने पीटीआई-भाषा से कहा, मैं एक फिल्म का निर्देशन कर रहा हूं जो एक जीवनी पर आधारित है। फिल्म एक लड़की के ईद गिर्द घूमती है। मैं शूटिंग की जगहों की तलाश के लिए जल्द ही निकलूंगा...मैं काठमांडो जाउंगा।
ऐसी खबरें थीं कि नाना क्राइम ड्रामा फिल्म श्रृंखला अब तक छप्पन की तीसरी कड़ी का निर्देशन कर सकते हैं।
इसके बारे में पूछे जाने पर नाना ने कहा, अगर मुझे निर्देशन का मौका मिला तो वह मेरी कहानी होगी और अगर मुझे सब कुछ करने का मौका मिला तो मैं निर्देशन करूंगा...नहीं तो बहुत हस्तक्षेप होता है। मैं ऐसा अपने बूते करना चाहता हूं।
निर्देशन के साथ नाना अपनी फिल्म निर्माण कंपनी भी शुरू करने की योजना बना रहे हैं।