मुंबई: बॉलीवुड के “मांझी” नवाजुद्दीन सिद्दकी पर एक महिला ने छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप लगाने वाली महिला का कहना है कि अभिनेता ने उसके साथ बदसलूकी करने की कोशिश की और मारपीट भी की। बताया जाता है कि यह महिला नवाजुद्दीन की सोसाइटी में ही रहती है। इस मामले पर मुंबई के वर्सोवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
दरअसल नवाजुद्दीन वर्सोवा के एक फ्लैट में रहते हैं। इस फ्लैट में पार्किंग की जगह को लेकर नवाजुद्दीन और दांडेकर फैमिली के बीच कुछ कहासुनी हो गई। आरोप लगाने वाली महिला का कहना है कि अभिनेता ने उनके साथ छेड़छाड़ और मारपीट भी की। महिला के शिकायत दर्ज कराने के बाद वर्सोवा थाने ने नवाजुद्दीन के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही महिला ने यह आरोप भी लगाया है कि उन्होंने अपने बाउंसर्स और बॉडीगार्ड का भी इस्तेमाल किया। पुलिस फिलहाल इस मामले में जांच को आगे बढ़ा रही है। गौरतलब है कि नवाजुद्दीन सिद्दकी इन दिनों फिल्म तीन की शूटिंग में व्यस्त हैं इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और विद्या बालन भी काम कर रहे हैं।