मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदू' को लेकर चर्चा में छाई हुई हैं। इस फिल्म में वह एक चुलबुली सी लड़की की भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगी। परिणीति ने 2011 में आई फिल्म 'लेडीस वर्सेस रिकी बहल' में दमदार किरदार निभाते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। इसके बाद वह 'इशकजादे', 'शुद्ध देसी रोमांस', 'हंसी तो फसी' और 'दावत-ए-इश्क' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। परिणीति का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि अभिनय के क्षेत्र में आएंगी।
- अक्षय कुमार को मिला बेस्ट एक्टर का अवार्ड, ‘नीरजा’ बनी बेस्ट फिल्म
- पाक ने ‘दंगल’ से हटाने को कहा तिरंगा और राष्ट्रगान, तो आमिर ने दिया ये जवाब
- आज दिखेगा ‘बाहुबली’ का जलवा, 1000 स्क्रीन्स पर हुई रिलीज
अपने फिल्मी सफर की बात करते हुए परिणीति ने एक बयान में कहा, "मेरा कभी सपना नहीं था कि मैं अभिनेत्री बनूं या अभिनय की दुनिया में आऊं, बस यूं ही एक फिल्म के लिए हामी भर दी। लेकिन जब मेरी पहली फिल्म रिलीज हुई, तब मैंने जाना कि अपने सपनों में जी रही हूं। मैंने हजारों लोगों को अपनी फिल्म को देखते, प्यार करते और मेरे लिए सड़क पर आते हुए देखा है।"
परिणीति बॉलीवुड के उन कलाकारों में से हैं, जो मार्क बेनिंगटन की फोटो से सजी किताब 'लिविंग द ड्रीम' में शामिल थे। इस किताब में परिणीति की जो फोटो है, वह फिल्म 'इशकजादे' की रिलीज के बाद प्रशंसकों के साथ उनकी मुलाकात के दौरान ली गई थी।
बेनिंगटन द्वारा ली गई इस फोटो को परिणीति ने 'गजब' बताया। उन्होंने कहा, "इस किताब में मेरी फोटो बहुत ही खास है।" 'लिविंग द ड्रीम' किताब हार्पर कोलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित की गई है। इसकी भूमिका करण जौहर ने लिखी है और कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा ने भी इस किताब में योगदान दिया है।