नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मेरी प्यारी मेरी' के प्रमोशन मे जुटी हुई हैं। इस फिल्म में वह करीब ढाई साल लंबे अंतराल के बाद अपने अभिनय के नए सफर की शुरूआत कर रहीं है। परिणीति का कहना है कि वह असल में कभी भी फिल्मों से दूर नहीं रहीं। परिणीति को पिछली बार फिल्म ‘किल दिल’ में देखा गया था, जो नवंबर 2014 में आई थी। उन्होंने कहा कि एक योजना के तहत उन्होंने फिल्मों से थोड़े समय के लिए ब्रेक लिया था।
परिणीति ने कहा, “ऐसा नहीं है कि मैं कहीं चली गयी थी। ऐसा था कि मुझे अपना घर बनाना था और मैं अपनी फिटनेस पर काम करना चाहती थी। मेरी एक के बाद एक छह फिल्में आयीं, इसलिए मुझे इसके बाद थोड़े समय के लिए छुट्टी चाहिए थी और ऐसा ही मैंने किया।“ उन्होंने कहा कि “इस समय ने उन्हें एक नया नजरिया दिया और वह हर कलाकार के लिए ऐसा करने की सिफारिश करेंगी।“
‘इश्कजादे’, ‘शुद्ध देसी रोमांस’ और ‘हंसी तो फंसी’ जैसी फिल्मों की अभिनेत्री ने कहा, “मुझे सच में लगता है कि एक कलाकार को अपने खुद के विकास की खातिर एक ब्रेक लेना चाहिए। यह आपको चिंतनशील बनने में मदद करता है। यह आपको खुद को बेहतर तरीके से समझने में सक्षम बनाता है।“ यशराज फिल्म्स की फिल्म ‘मेरी प्यारी बिंदु’ इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। नवोदित निर्देशक अक्षय रॉय इसका निर्देशन कर रहे हैं और परिणीति के साथ आयुष्मान खुराना इसमें मुख्य भूमिका में हैं।