मुंबई: बालीवुड के मशहूर अभिनेता और निर्माता स्वर्गीय अभिनेता राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। राज कपूर के बड़े बेटे रणधीर कपूर ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। रणधीर ने बताया, "उन्हें (कृष्णा) बढ़ती उम्र के साथ हो रही स्वास्थ्य सम्बंधी परेशानियों के कारण भर्ती कराया गया है। हालांकि उनकी तबीयत में काफी सुधार है और जल्दी ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।"
इसे भी पढ़े:- बॉलीवुड के ‘शोमैन’ राज कपूर की दस अनसुनी कहानियां
कपूर परिवार के एक करीबी सूत्र ने बताया ,उन्हें सप्ताह भर पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वह ठीक हैं। कोई गंभीर बात नहीं है। लेकिन रणधीर कपूर ने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है।
खबरों के अनुसार कपूर परिवार के सभी सदस्य उनकी तबीयत के ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। हाल ही में ऋषि अपनी आगामी फिल्म 'कपूर एण्ड सन्स' के ट्रेलर लॉन्च पर पहुंचे थे जहां उन्हें अपनी मां की तबीयत ज्यादा खराब होने का कॉल आया था। फोन आते ही ऋषि का चेहरा बिल्कुल उतर गया था और उन्हे इवेंट को बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा। करीना भी मेहबूब स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं जब उन्हें कृष्णा राज कपूर की तबीयत खराब होने की खबर मिली थी। इसके बाद वह अपनी शूटिंग जल्दी खत्म करके दादी से मिलने अस्पताल पहुंच गईं।
रणधीर और ऋषि कपूर अपनी मां कृष्णा को देखने अस्पताल पहुंचे हैं। कृष्णा की देखभाल उनकी बेटी रीमा जैन कर रही हैं।