नई दिल्ली: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव अतुल कुमार अंजान ने पिछले हफ्ते कहा था कि सनी लियोन के कंडोम विज्ञापनों के कारण देश में दुष्कर्म की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है और अगर कंडोम के अश्लील विज्ञापन इसी तरह से टीवी चैनलों और अखबारों में दिए जाते रहेंगे तो इससे बलात्कार की घटनाए बढ़ेंगी। उनके इस बयान पर भोजपुरी फिल्मों के गायक और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी समर्थन दिया था।
बाद में अंजान ने अपने इस बयान के लिए माफी भी मांगी। लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह इस तरह से किसी भी विज्ञापन का समर्थन नहीं करेंगे। अतुल की इस बात का समर्थन मनोज तिवारी ने किया था और अब उनके सुर से सुर मिला रही हैं बॉलीवुड की कॉन्ट्रोवर्सी क्वीन राखी सावंत। राखी ने भी सनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि सनी बेवजह ही कंडोम का विज्ञापन करती हैं। उनके इस तरह के एड लड़को को रेप करने के लिए उकसाते हैं। एक इवेंट में पहुंची राखी ने कहा कि "सनी को बैन कर देना चाहिए और अगर उन्हें यहां काम करना है तो पूरे कपड़े पहन कर करें।" राखी सावंत पहले भी कई बार सनी को निशाना बनाते हुए ऐसे बयान दे चुकी हैं।
जब प्रधानमंत्री मोदी ने सभी पोर्न फिल्मों को बैन करने का निर्णय लिया था तब भी राखी ने कहा था कि "सिर्फ पॉर्न ही नहीं बल्कि भारत में सनी लियोन को भी बैन कर देना चाहिए। उसे घसीट कर देश से बाहर निकाल देना चाहिए।"
इससे पहले खबरें थीं कि सनी की फिल्म लीला के रिलीज के समय भी राखी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि "मै लीला को गीला कर दूंगी।"
जहां एक तरफ ज्यादातार लोग सनी के खिलाफ बोल रहे हैं वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने सनी लियोन का समर्थन करते हुए कहा है कि अभिनेत्री पर नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियां मूर्खतापूर्ण हैं। उन्होंने कहा, "ये सब बेकार लोग हैं जो ऐसा सोचते हैं। मुझे नहीं लगता कि हर कोई ऐसा सोचता है, यह काफी बेतुकी बात है। ऐसी चीजें हर जगह हो रही हैं और हर तरफ विवाद है और यह सबसे ज्यादा बेतुकी बात है कि आप इस पर काफी ध्यान दे रहे हैं।"