नई दिल्ली: साल 2015 की सबसे बड़ी फिल्मों में शुमार बॉम्बे वेल्वेट से उम्मीद थी कि वो बाक्स आफिस पर धमाल मचाएगी लेकिन हुआ इसका बिल्कुल उल्टा। करीब 90 करोड़ की लागत से बनी बांम्बे वेल्वेट ने पहले दिन केवल 5.20 करोड़ रूपये की कमाई की है।
बॉम्बे वेल्वेट रणबीर कपूर की अब तक की सबसे कम कमाई करने वाली फिल्म हो गई है। इस साल की शुरूआत में रिलीज हुई कपूर की फ्लाप रही रॉय ने पहले दिन 11 करोड़ रूपये कमाए थे जो इस फिल्म से लगभग दोगुना ज्यादा है।
वहीं अनुराग कश्यप, जिन्हें भारतीय सिनेमा की बदलती हुई तस्वीर का नायक माना जाता है, के लिए ये फिल्म सबसे निराशाजनक साबित हुई।
फिल्म में रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा जैसे बड़े कलाकारों का साथ तो था ही साथ ही इसका प्रमोशन भी जोर-शोर से हुआ। बावजूद इसके फिल्म का ना चल पाना सिर्फ एक ओर इशारा करता है और वो है फिल्म की कहानी जो 60 औऱ 70 के दशक वाले बॉम्बे को बनाने की चकाचौंध में कहीं गुम हो गई।
फिल्म की कहानी को फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी बताया जा रहा है जो अनुराग कश्यप से कितई उम्मीद नहीं की जा रही थी।
रणबीर कपूर का स्टार पॉवर जो बुरे कॉंटेंट की कमी को पूरा कर सकता था वो भी फिल्म की तरफ जनता को खींचने में नाकाम रहा। रणबीर कपूर, जिन्होंने वेक अप सिद, रॉकस्टार, बर्फी, ये जवानी है दीवानी जैसी सुपरहिट फिल्में दी है, कही न कही पिछली दो लगातार फ्लॉप फिल्मों (बेशरम, रॉय) से उनके स्टार पॉवर को चोट पहुंची है।
ऐसा नहीं है कि इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर बॉम्बे वेल्वेट का कोई प्रतिद्वंद्वी था। हालांकि पिछले हफ्ते रीलीज़ हुई अमिताभ बच्चन, दीपिका पादूकोण और इरफान खान की पीकू को काफी सराहना मिली जिसके चलते अच्छी तादाद में लोगों ने सिनेमा घरों का रुख किया। सिर्फ 1400 स्क्रीन्स के साथ फिल्म ने एक हफ्ते के अंदर 41.20 करोड़ की कमाई की है।
वही बॉम्बे वेल्वेट का 2600 स्क्रीन्स के साथ ऐसा प्रदर्शन काफी निराशाजनक है और इस बात को साबित करता है कि फिल्म का कॉंटेंट फिल्म का राजा होता है। जनता सिर्फ बड़े नामों के झांसे में अब नहीं फंसने वाली। सलमान खान की जय हो के बाद ये फिल्म इस बात को साबित करती है।