नई दिल्ली: हिट एंड रन केस में ज़मानत मिलने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए सलमान ने फैंस का शुक्रिया का अदा किया और अपने चाहने वालों को संदेश भी दिया। सलमान अपनी फिल्म बजरंगी भाईजान की शूटिंग के सिलसिले में कश्मीर के सोनमर्ग में हैं।
सलमान ने सोनमर्ग में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि, "बहुत लोगों ने मेरे लिए दुआ मांगी.. कई लोगों ने रो़ज़े भी रखे थे। पता नहीं मैं इन सब के काबिल हुं या नहीं।"
उन्होंने अपन फैंस से कहा कि, "कभी-कभी मेरे लिए नहीं खुद के लिए भी दुआ मांग लिया करो.."
एक पत्रकार ने कश्मीर के बहाने सलमान से हनीमून पर सवाल पूछा तो सलमान ने हंसते हुए सवाल को टाल दिया।
यहां सलमान ने कई मुद्दों पर अपनी राय रखते हुए राजनीति में आने के सवाल पर सलमान ने साफ-साफ तो कुछ नहीं कहा लेकिन राजनीति को समाज सेवा का सबसे बड़ा ज़रिया बताया। उन्होंने कहा कि, समाज सेवा सबसे अच्छी चीज है और मेरी नज़र में राजनीति समाज सेवा ही है..मैं समझता हूं कि एक अच्छे राजनेता से अच्छा कोई नहीं हो सकता..और खराब राजनेता से खराब आदमी कोई नहीं हो सकता
साथ ही सलमान ने कश्मीर की खूबसूरती को देखते हुए लोगों से यहां पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की है।
फिल्म निर्देशक कबीर खान का कहना है कि 'बजरंगी भाईजान' इसी ईद पर रिलीज होगी। उन्होंने मीडिया रिपोर्टों को खारिज किया कि फिल्म की रिलीज टल गई है। कबीर ने जुलाई में फिल्म रिलीज होने की पुष्टि की।
उन्होंने ट्वीट किया, 'बजरंगी भाईजान पक्का इसी ईद पर रिलीज हो रही है।... मीडिया में आई खबरें गलत हैं...' फिल्म में करीना कपूर खान और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।