नई दिल्ली:- बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की आगामी फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' उनके लिए बहुत खास है। इस फिल्म में वह 15 साल बाद सूरज बड़जातिया की फिल्म में एक बार फिर से अपने एवरग्रीन 'प्रेम' किरदार में नजर आने वाले हैं। इसको और खास बनाने के लिए सलमान अपनी फिल्म 'मैने प्यार किया' और 'हम आपके हैं कौन' में रहीं उनकी सह-कलाकार भाग्यश्री और माधुरी दीक्षित को एक साथ ला रहे हैं।
दरअसल दबंग खान 'प्रेम रतन धन पायो' की स्पेशल स्क्रीनिंग रखने वाले हैं जो खासतौर पर माधुरी दीक्षित और भाग्यश्री के लिए रखी जाएगी।
सलमान खान ने वर्ष 1989 में आई सूरज बड़जातिया की फिल्म 'मैने प्यार किया' में प्रेम का किरदार निभाया था और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी। इसी फिल्म से भाग्यश्री ने बॉलीवुड में कदम रखा था।
इसे भी पढ़े:- सलमान खान के साथ गरबा करने के लिए तैयार हो जाएं अहमदाबादी
इसके बाद 1994 में आई सूरज बड़जातिया की फिल्म 'हम आपके है कौन' में भी सलमान प्रेम के किरदार में नजर आए थे और इस फिल्म में माधुरी दीक्षित के साथ उनकी जोड़ी को खूब सराहा गया था।
माधुरी और भाग्यश्री के लिए फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखने का निर्णय भी इसीलिए लिया गया है क्योंकि यह दोनों ही अभिनेत्रियां 'प्रेम' के साथ पर्दे पर रोमांस कर चुकी हैं। फिल्म 12 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी और उम्मीद है की उसी के आस-पास इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग भी होगी।
फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' में सलमान के साथ सोनम कपूर रोमांस करती हुई नजर आएंगी। इनके अलावा फिल्म में अनुपम खेर, स्वरा भास्कर, नील नितिन मुकेश, दीपक डोबरियाल और अरमान कोहली भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
फिलहाल सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'सुल्तान' की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं जिसमें वह एक पहलवान के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा वह 'बिग बॉस 9 डबल ट्रबल' की भी मेजबानी करते हुए दिख रहे हैं।
अगली स्लाइड में देखे 'प्रेम रतन धन पायो' का ट्रेलर:-