मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद इन दिनों अपनी आगामी भारतीय-चीनी फिल्म ‘कुंग फू योगा’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म में वह अंतरराष्ट्रीय एक्शन स्टार जैकी चैन के साथ काम करते हुए नजर आ रहे हैं। सोमवार को अपनी फिल्म के प्रचार के दौरान सोनू अपने पिता को याद कर भावुक हो गए। कुछ महीने पहले ही उनके पिता का निधन हो गया था। अभिनेता का प्रोडक्शन हाउस 'शक्ति सागर प्रोडक्शंस' भारत में फिल्म का वितरण करेगा।
इसे भी पढ़े:-
- विद्युत जामवाल की ‘Commando 2’ का ट्रेलर रिलीज, जबरदस्त एक्शन से है भरपूर
- ...जब एक्शन स्टार जैकी चैन से मिले दबंग सलमान खान
- शाहरुख की एक झलक पाने के लिए फैन को गवानी पड़ी जान
फिल्म की पहली याद शेयर करते हुए उन्होंने संवाददाताओं को बताया, "फिल्म पर काम शुरू करने से पहले मुझे जैकी चैन के कार्यालय से संदेश मिला। उन्होंने कहा कि वह एक फिल्म का निर्माण कर रहे हैं और क्या मैं उसका हिस्सा बनना चाहूंगा।" सोनू इस प्रस्ताव से काफी उत्साहित हुए और संदेश पढ़ने के तुरंत बाद उन्होंने अपने पिता को यह खबर सुनाई।
सोनू ने कहा, "पापा यह खबर सुनकर बेहद खुश हुए। हमने फिल्म रिलीज होने पर इसे साथ देखने की योजना बनाई थी। दुर्भाग्य से कुछ महीनों पहले ही मैने उन्हें खो दिया, लेकिन मुझे इस फिल्म में ना केवल अभिनय का बल्कि भारत में इसके वितरण का भी मौका मिला। यह मेरे पिता का ही आशीर्वाद है कि मेरे साथ सब कुछ अच्छा हो रहा है। मैं 'कुंग फू योगा' के साथ जुड़कर खुश हूं।"
फिल्म में सोनू और जैकी चैन के अलावा दिशा पटानी और अमायरा दस्तूर भी अहम भूमिकाएं निभाते हुई नजर आ रही हैं। 'कुंग फू योगा' भारत में 3 फरवरी को रिलीज होगी।