1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: भरूच की कंपनी में लगी आग को विमान दुर्घटना का बताया जा रहा है, फर्जी है वीडियो

Fact Check: भरूच की कंपनी में लगी आग को विमान दुर्घटना का बताया जा रहा है, फर्जी है वीडियो

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jun 13, 2025 10:21 pm IST,  Updated : Jun 13, 2025 10:21 pm IST

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर गलत वीडियो शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि प्लेन क्रैश के कारण बिल्डिंग में आग लग गई। हालांकि यह दावा पूरी तरह गलत है।

Fact Check fire in a company in Bharuch is being described as a ahmedabad plane crash claim in misle- India TV Hindi
फैक्ट चेक Image Source : SOCIAL

अहमदाबाद में 12 जून को एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में 297 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने देश को झंकझोर कर रख दिया है। इस बीच इसी हादसे से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में एक बिल्डिंग में भीषण आग को देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो अहमदाबाद में क्रैश हुए एयर इंडिया विमान हादसे का है। लेकिन जब हमने फैक्ट चेक किया तो हमने पाया कि यह दावा पूरी तरह गलत और मिसलीडिंग है।

दावा

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर mr_anil_rajput_8 ने 12 जून को शेयर किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, 'अहमदाबाद प्लेन हादसे में मारे गए 242 लोग तथा यह जिस हॉस्टल पर गिरा उसमें मारे गए 20 डॉक्टर Ahmedabad se London jaane wali plane Hui crash 200 se upar log Mar Gaye'।  हालांकि जब हमने इस वीडियो की जांच की तो हमने पाया कि यह दावा पूरी तरह गलत है। पोस्ट में शेयर किया गया वीडियो भरूच की एक कंपनी में अप्रैल में लगी आग का है। 

फैक्ट चेक

हमने वायरल वीडियो की जब पड़ताल की और कीफ्रेम के जरिए गूगल लेंस पर उसे सर्च किया तो हमें ABC News 24 x 7 के फेसबुक पेज असली वीडियो मिला। इसमें इसे गुजरात के भरूच की कंपनी में लगी आग का बताया गया है। इसके अलावा इंस्टाग्राम हैंडल ourgujaratnews ने इसी वीडियो को 14 अप्रैल को शेयर करते हुए लिखा, 'अंकलेश्वर, पनोली में जल एक्वा और बीआर एग्रो नामक कंपनी में भीषण आग लग गई। आग ने भयंकर रूप ले लिया और पूरा प्लांट आग की चपेट में आ गया।' इसके अलावा न्यूज एजेंसी एएनआई की वेबसाइट पर भी इस रिपोर्ट को 14 अप्रैल को प्रकाशित किया गया था, जिसके मुताबिक, भरूच की एक केमिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में भीषण आग लग गई थी। ऐसे में यह समझ आया कि गलत वीडियो को शेयर कर यूजर द्वारा इसे विमान क्रैश से जोड़कर बताया जा रहा है जो कि पूरी तरह गलत और मिसलीडिंग है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।